कर्मचारी के अनुशासनहीनता पर एजेंसी होगी ब्लैकलिस्ट- जिलाधिकारी नोएडा
गौतम बुद्ध नगर । डेस्क: नोएडा में पिछले दिनों हजारों फैक्ट्री श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन और हंगामे के बाद गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है. जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मंगलवार को आउटसोर्सिंग एजेंसियों और ठेकेदारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें उन्होंने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी एजेंसी या उसके कर्मचारियों द्वारा अनुशासनहीनता या नियमों का उल्लंघन किया गया, तो संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट कर उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा.
डीएम ने औद्योगिक शांति बनाए रखने के लिए सभी ठेकेदारों को सरकारी दिशानिर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए हैं.
उन्होंने साफ किया कि श्रमिकों के किसी भी अनियंत्रित व्यवहार के लिए एजेंसी को भी समान रूप से जिम्मेदार माना जाएगा.
बैठक में संशोधित न्यूनतम मजदूरी दरों को भी रेखांकित किया गया, जिसके तहत अकुशल श्रमिकों को ₹13,690, अर्ध-कुशल को ₹15,059 और कुशल श्रमिकों को ₹16,868 प्रति माह दिए जाएंगे. डीएम ने सख्त निर्देश दिए कि वेतन का भुगतान सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में ही किया जाए.
मेधा रूपम ने जोर देकर कहा कि उद्योग, नियोक्ता और श्रमिक एक-दूसरे पर निर्भर हैं और औद्योगिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार का व्यवधान राज्य के विकास और रोजगार के अवसरों को प्रभावित करेगा.
उन्होंने जनता से किसी भी प्रकार की अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन श्रमिकों और नियोक्ताओं, दोनों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी समस्या का समाधान त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से किया जाएगा.