बिलासपुर नगर निगम में ACB का छापा, 10 हजार की रिश्वत लेते कर्मचारी गिरफ्तार
बिलासपुर । संवाददाता: बिलासपुर नगर निगम में उस समय हड़कंप मच गया जब एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने अचानक दबिश देकर सम्पदा शाखा के कर्मचारी को घूस लेते रंगे हाथों दबोच लिया. आरोपी कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका एक नागरिक से मकान के नवीनीकरण से जुड़ी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था.
दिलचस्प बात यह रही कि जब एसीबी की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया, तब निगम कार्यालय में सामान्य सभा की बैठक चल रही थी, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप का माहौल बन गया.
दरअसल, राजकिशोर नगर के रहने वाले पीड़ित नागरिक अपने मकान के जीर्णोद्धार का काम आगे बढ़ाने के लिए लगातार नगर निगम के चक्कर काट रहे थे. आरोप है कि सम्पदा शाखा में कार्यरत लक्ष्मीकांत कोका ने इस काम को निपटाने के बदले रिश्वत की मांग की थी.
भ्रष्टाचार से तंग आकर शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी सीधे एंटी करप्शन ब्यूरो को दी. ब्यूरो की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले शिकायत की गुप्त जांच की और मामला सही पाए जाने पर आरोपी को पकड़ने के लिए मजबूत जाल बिछाया.
तय योजना के मुताबिक शुक्रवार को जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की रकम आरोपी कर्मचारी के हाथों में सौंपी, आसपास मौजूद एसीबी के दस्तों ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया. मौके से घूस के पैसे बरामद कर टीम आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है. भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.