बदला मौसम, सरगुजा में पड़ा पाला
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, सरगुजा में पड़ा पाला
रायपुर| संवाददाताः छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है.
तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव का दौर बना हुआ है. लेकिन पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम अचानक से बदला है.
उत्तरी दिशा से आ रही बर्फीली शुष्क हवाओं के कारण अचानक से ठंड बढ़ गई है.
सरगुजा में तो कड़ाके की ठंड की वापसी हो गई है. पहाड़ी और मैदानी इलाकों में पाला पड़ना भी शुरू हो गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक हिमालय की तराई से आ रही हवाओं के कारण ही उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में रात का न्यूनतम तापमान अचानक गिरा है.
शुक्रवार को राजधानी रायपुर का तापमान 15 डिग्री रिकार्ड किया गया. ये सामान्य से 1.3 डिग्री तक कम है.
यहां दोपहर के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है.
यहां पिछले तीन दिनों में रात के तापमान में 5.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. जिसके चलते रातें ठंडी हो रही हैं.
उत्तरी छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा 3 से 5 डिग्री तक तापमान में गिरावट आई है.
शुक्रवार को अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा. यहां तापमान में 4.3 डिग्री की गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान 6.7 डीग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
अचानक से पारा गिरने से यहां के तराई वाले इलाकों के अलावा मैदानी क्षेत्रों में ओश की बूंदें जम गई थी.
सरगुजा के खडगांव क्षेत्र में तो जमकर पाला पड़ा है. दूसरी ओर दुर्ग सबसे गर्म रहा. यहां का तापमान 32 डिग्री रहा.
इसी प्रकार बिलासपुर में अधिकतम तापमान 31.4 और न्यूनतम 12.8 डिग्री रहा. वहीं जगदलपुर में अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम 15.9 डिग्री दर्ज किया गया है.
हालांकि शनिवार से राज्य में तापमान में क्रमिक वृद्धि शुरू हो जाएगी.
अगले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है.