जंगल की आग बुझा गई बेमौसम बारिश
छत्तीसगढ़ जंगल की आग बुझा गई बेमौसम बारिश
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को हुई बेमौसम बारिश जंगलों में लगी भीषण आग के लिए दवा का काम कर गई. जिस आग को बुझाने के लिए वन विभाग कई दिनों से मशक्कत कर रहा था उसे बारिश ने कुछ ही समय में बुझा दिया. इससे वन विभाग ने भी राहत की सांस ली है.
गर्मी शुरू होने के साथ ही पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के जंगलों में लगातार आग लग रही थी. सरगुजा संभाग के रामगढ़ के जंगल सहित सूरजपुर, बलरामपुर और एमसीबी के जंगलों में भी आग लगी थी.
आग लगातार फैलती ही जा रही थी. जिससे वन्यजीवों और पर्यावरण पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था.
सरगुजा के रामगढ़ के जंगल में पिछले 10 दिनों से आग लगी हुई थी. आग रामगढ़ पहाड़ी के तीन ओर के जंगल में फैल गई थी.
आग की लपेट में छोटे-बड़े हरे पेड़-पौधे आ रहे थे. इस भीषण आगजनी से रामगढ़ का ऐतिहासिक अस्तित्व भी खतरे में था.
क्योंकि रामगढ़ क्षेत्र पुरातात्विक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जाता है.
आग के कारण रामगढ़ के जंगल से हिरण, नीलगाय, भालू, सियार, लोमड़ी, खरगोश भागकर गांव की ओर पहुंच रहे थे.
इस आग को वन विभाग के कर्मचारी वन प्रबंधक समिति के सहयोग से काबू पाने की कोशिश कर रहे थे. लेकिन सफल नहीं हो पा रहे थे.
क्योंकि पहाड़ी क्षेत्र में आग को बुझाने के लिए विभाग को पहाड़ों के बीच मशक्कत कर चढ़ना पड़ रहा था.
इस कारण से आग बुझाने में तेजी नहीं आ पा रही थी. लेकिन शुक्रवार को मौसम ने करवट ली और सरगुजा संभाग में झमाझम बारिश के साथ ओले गिरे.
रामगढ़ इलाके में इतनी बारिश हुई कि नदी में बाढ़ की स्थिति बन गई.
इस बारिश और ओलावृष्टि से रामगढ़ की पहाड़ी में लगी भीषण आग के साथ ही एमसीबी और बलरामपुर, सूरजपुर जिलों के जंगलों में लगी आग भी बुझ गई है.