तांदुला नहर में डूबे दो दोस्तों की मौत
दुर्ग | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के तांदुला नहर में डूबे दो दोस्तों की लाश मिली है. दोनों 15 फीट गहरे पानी में चले गए थे.
घटना के 24 घंटे बाद एक युवक का शव मिला था. वहीं 36 घंटे बाद आज सुबह दूसरे युवक का शव भी बरामद कर लिया गया.
पुलिस के मुताबिक घटना 13 अप्रैल की है. मंत्रालय रायपुर में पदस्थ तीन दोस्त बिलाई माता मंदिर के दर्शन करने धमतरी गए थे.
वहां से दर्शन कर लौट रहे थे. तभी दुर्ग जिले के सेलूद क्षेत्र से गुजरने वाली तांदुला नहर में पानी का बहाव देख तीनों रुक गए थे.
तीनों दोस्तों में से प्रहलाद यादव नहर में पैर डालकर बैठा था. इसी बीच अचानक बैलेंस बिगड़ने पर वह नहर में गिर गया.
उसे देख दूसरा दोस्त नंद किशोर धुर्वे उसे बचाने के लिए कूदा तो वह भी तेज बहाव में बह गया.
जबकि तीसरा दोस्त कार में बैठकर फोन से किसी से बात कर रहा था.
दोनों दोस्तों को पानी में बहता देख वह आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई. जब तक लोग मदद के लिए पहुंचे दोनों युवक पानी में डूब चुके थे.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम पहुंची और दोनों युवकों की तलाश शुरू की.
काफी मशक्कत के बाद भी दोनों का कुछ पता नहीं चला. इसके बाद अधिकारियों ने नहर का पानी कम करवाया.
कल शाम को जब नहर का पानी कम हुआ तब प्रहलाद का शव मिला. शव घटना स्थल से करीब चार किलोमीटर आगे मिला.
तब तक घटना को करीब 24 घंटे हो चुके थे. कल रात होने पर रेस्क्यू बंद कर दिया गया था.
आज सुबह से ही दूसरे युवक की तलाश शुरू की गई. करीब 36 घंटे रेस्क्यू के बाद आज सुबह दूसरे युवक का शव भी बरामद कर लिया गया.
बताया गया कि प्रहलाद यादव धनौरा और नंद किशोर धुर्वे सुभाष नगर बोरसी का रहने वाला था.