धर्मांतरण का आरोप लगाकर प्रार्थना सभा में हंगामा
कवर्धा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कवर्धा में रविवार को एक धर्म विशेष की प्रार्थना सभा में हिन्दू संगठनों ने जमकर हंगामा किया. विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने एक फादर और उसकी पत्नी पर प्रार्थना सभा के आड़ में धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है.
विहिप कार्यकर्ताओं ने मौके से करीब 20 लोगों को पकड़ा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस समेत जिला प्रशासन के अधिकारी पहुंचे थे. पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है.
पुलिस का कहना है कि विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आदर्श नगर स्थित एक मकान में सभा कराई जा रही है. सभा के जरिए गलत तरीके से धर्मांतरण कराया जा रहा है.
उनकी शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची है. यहां 20 लोगों से पूछताछ की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
विहिप कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आदर्श नगर स्थित एक घर में बंद कमरे में गुप्त रूप से धर्मांतरण का कार्यक्रम चलाया जा रहा था.
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को यहां बुलाकर इलाज के नाम पर धर्मांतरण किया जा रहा था.
ग्रामीणों को प्रार्थना करने से बीमारियां ठीक होने का प्रलोभन या भय दिखाकर ईसाई धर्म स्वीकार कराने का प्रयास किया जा रहा था.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यहां एक धर्म विशेष की किताबों को पढ़ाया और सुनाया जाता है.
यहां के एक फादर और उनकी पत्नी पर आरोप है कि दोनों लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में शामिल हैं.
आज जैसे ही इसकी जानकारी विहिप कार्यकर्ताओं मिली मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया.
देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए. उसके बाद दोनों गुटों में जमकर बहस होने लगी.
क्षेत्र में बढ़ते तनाव और विवाद की स्थिति की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया.
किसी अप्रिय स्थिति ना हो इसे देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है.