शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

समर्थन मूल्य से अधिक दाम पर मंडी में बिकी धान

छत्तीसगढ़ समर्थन मूल्य से अधिक दाम पर मंडी में बिकी धान

C

CG Khabar

26 फ़र. 2025, 02:42 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

छत्तीसगढ़ समर्थन मूल्य से अधिक दाम पर मंडी में बिकी धान
छत्तीसगढ़ समर्थन मूल्य से अधिक दाम पर मंडी में बिकी धान

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की कृषि उपज मंडियों में इस बार समर्थन मूल्य से अधिक दाम पर धान खरीदा गया है. 


सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान का प्रति क्विंटल 3100 रुपये भुगतान किया जाता है. 


लेकिन मंडी में 3350 रुपए प्रति क्विंटल तक धान बिका है. जिसके चलते इस बार मंडियों में धान की आवक अभी तक बनी हुई है. 


गैर पंजीकृत किसान प्रतिदिन धान बेचने मंडी पहुंच रहे हैं. 


धान के अलावा गेहूं, मक्का, कोदो, लाखड़ी सहित अन्य दूसरी फसलें बेचने किसान मंडी पहुंच रहे हैं.


प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी बंद हुए करीब महीना भर बीतने वाला है. 


शासकीय उपार्जन केन्द्रों में इस बार धान की बंपर खरीदी हुई है. 


उसके बाद भी मंडी में धान बेचने पहुंचने वाले किसानों का सिलसिला कम नहीं हुआ है. 


मंडी में धान की क्वालिटी परखकर उसकी बोली लगाकर खरीदी की जा रही है.


23 सौ से ज्यादा किसान पहुंचे मंडी
राजधानी रायपुर के तुलसी-बाराडेरा स्थित कृषि उपज मंडी समिति में इस साल समर्थन मूल्य से अधिक दाम पर धान की बोली पहुंची है. 


मंडियों में उपार्जन का अच्छा मूल्य मिलने से किसानों का रूझान राइस मिलरों के बजाय मंडी के प्रति ज्यादा बढ़ा है. 


अभी तक 23 सौ से ज्यादा किसानों ने करीब साढ़े 66 हजार क्विंटल धान बेचा है. जबकि अभी भी मंडी में धान की आवक बनी हुई है. 


कहा जा रहा है कि पिछले साल की तुलना में इस साल मंडी में ज्यादा धान पहुंच रही है.


पिछली बार मंडी में उच्च क्वालिटी के धान की बिक्री नहीं के बराबर हुई थी.


मंडी में इस बार 1010, महामाया, सरना, आरबीजी के साथ श्रीराम, जीराफूल, एवं विष्णुभोग जैसी उच्च क्वालिटी की धान बेची गई है. 


1010, महामाया और सरना वैरायटी का धान करीब दो हजार रुपये से लेकर अधिकतम 2351 रुपए प्रति क्विंटल के भाव तक बिका है. 


जबकि उच्च क्वालिटी का धान श्रीराम, जीराफूल एवं विष्णुभोग अधिकतम 3111 रुपए से लेकर 3350 रुपए प्रति क्विंटल की दर से बिका है. 


गेहूं, सरसों, मक्का, लाखड़ी, सोयाबीन और मूंग की खरीदी
इस बार कृषि उपज मंडी में धान के अलावा गेहूं, सरसों, मक्का, लाखड़ी, सोयाबीन एवं मूंग की फसलों की भी खरीदी शुरू है. 


इनमें गेहूं अधिकतम 3350 रुपए प्रति क्विंटल के भाव तक बिका है. 


वहीं सरसों, 4800 रुपए, मक्का अधिकतम 2800 रुपए, लाखड़ी अधिकतम 5198 रुपए, सोयाबीन 3300 रुपए एवं मूंग 4800 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से बिकी है. 


इसी प्रकार तीन किसान कोदो बेचने भी पहुंचे थे. मंडी में अभी तक 9 क्विंटल कोदो की खरीदी की गई है. 


इसके न्यूनतम मूल्य 2200 रुपए से लेकर अधिकतम 2686 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर खरीदा जा रहा है.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP