हड़ताल पर बैठे धान संग्रहण केन्द्र के कर्मचारी
गरियाबंद धान संग्रहण केन्द्र में फिर हड़ताल
गरियाबंद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के कुंडेलभाठा धान संग्रहण केन्द्र के ठेका कर्मचारी एक बार फिर हड़ताल पर चले गए हैं. इससे संग्रहण केन्द्र में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है.
ठेका कर्मचारी बकाया भविष्य निधि (पीएफ) भुगतान की मांग कर रहे हैं. सोमवार को कर्मचारियों ने गेट के सामने बैठकर प्रबंधन और ठेकेदारी व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की.
ठेका कर्मचारियों का आरोप है कि पीएफ भुगतान में लगातार लापरवाही बरती जा रही है. सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है, पर भुगतान नहीं हो रहा है.
इसी वजह से उन्हें बार-बार सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, लेकिन इस बार वे आरपार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं.
हड़ताल की खबर मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस, जिला विपणन अधिकारी अमित चंद्राकर, तहसीलदार अंजलि खलखो और जिला खाद्य अधिकारी अरविंद दुबे मौके पर पहुंचे.
अधिकारियों ने हड़ताली कर्मियों से चर्चा कर समझाने की कोशिश की, लेकिन समाधान न निकल पाने से कर्मचारी अपनी मांगों पर डटे हुए हैं.
ठेका कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनका बकाया पीएफ का भुगतान नहीं होता, इस बार वे काम शुरू नहीं करने वाले हैं.
उनका कहना है कि इस बार आश्वासन से काम नहीं चलेगा. इस बार ठोस कार्रवाई चाहिए. क्योंकि इससे पहले भी बार-बार आश्वासन दिया जा चुका है. हर बार अधिकारी आते हैं और बैठक कर चले जाते हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है.
साथ ही हड़ताली कर्मचारियों ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो और उग्र आंदोलन किया जाएगा.
पहले भी कर चुके हैं काम बंद
ज्ञात हो कि इससे पहले भी 23 जुलाई 2025 को ठेका कर्मियों ने इसी मांग को लेकर काम बंद कर हड़ताल की थी.
उस समय जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) ने 40 फीसदी राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया था.
कर्मचारियों का आरोप है कि करीब एक माह होने को है, उसके बाद भी अधिकांश कर्मचारियों के खातों में राशि जमा नहीं की गई है.