रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सड़क हादसे में घायलों का अब मुफ्त इलाज- जायसवाल

H

Hupendra Sharma

23 मई 2025, 10:40 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

जायसवाल
जायसवाल

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति के डेढ़ लाख तक का इलाज मुफ्त में होगा. आयुष्मान भारत योजना से जुड़े अस्पतालों में कोई भी घायल व्यक्ति अपना उपचार करवा सकता है.


उन्होंने कहा कि 7 दिनों तक उससे कोई भी अस्पताल उपचार के लिए राशि की मांग नहीं करेगा. प्रदेशभर में आज यानी 23 मई से यह योजना लागू हो जाएगी.

विज्ञापन


स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शुक्रवार को प्रत्रकार वार्ता लेकर इसकी घोषणा की है.


उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 807 से अधिक आयुष्मान से जुड़े अस्पताल हैं. इसमें ट्रामा और पॉली ट्रामा के अंतर्गत और भी अस्पतालों को जोड़ा जाएगा.


उन्होंने बताया कि अगर एक ही परिवार के 2 सदस्य घायल होते हैं तो उन्हें 3 लाख और 3 सदस्य घायल होते हैं तो 4 लाख 50 हजार तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी. इलाज की अधिकतम सीमा 1.5 लाख रुपये तक है. जिसमें दवाएं, जांच और अन्य आवश्यक उपचार शामिल हैं.


उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ सिर्फ उन्हीं अस्पतालों में मिलेगा, जो आयुष्मान भारत योजना के तहत पंजीकृत हैं. अगर किसी घायल व्यक्ति को आनन-फानन में अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया हो तो, मरीज या मरीज के परिजन पंजीकृत अस्पताल में अपना रेफर करवा सकते हैं. इसके बाद पोर्टल पर मरीज की जानकारी अपडेट करनी होगी, ताकि समय पर इलाज शुरू हो सके.


उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में पीड़ित लोगों के लिए यह बहुत ही महत्वपूर्ण योजना है. सभी सीएमएचओ को इसके लिए निर्देश दे दिए गए है. योजना से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर चर्चा के लिए अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है.

 

कोरोना को लेकर अलर्ट

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कोरोना को लेकर भी चर्चा की.


उन्होंने कहा कि कोरोना के नए वैरियंट को लेकर छत्तीसगढ़ में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है. यहां के सभी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर हैं.


उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर के मेकाहारा में कोरोना का ओपीडी चालू हो रहा है.कोरोना से निपटने के लिए दवाई और स्वास्थ्य कर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP