शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

एनआईए ने माओवादी नेता को किया गिरफ्तार

C

CG Khabar

28 फ़र. 2025, 02:35 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

एनआईए ने माओवादी नेता को किया गिरफ्तार

बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर में राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए ने कथित माओवादी संगठन के नेता रघु मिडियामी को गिरफ्तार किया है. 


वह मूलवासी बचाओ मंच (एमबीएम) के प्रमुख सदस्य हैं. रघु पर आरोप है कि वह पैसे इकट्ठा कर माओवादी संगठन के नेताओं को देते थे.

विज्ञापन


इससे पहले छत्तीसगढ़ पुलिस ने नवंबर 2023 में नक्सल मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया था. 


पुलिस ने दोनों आरोपियों से पास से 6 लाख रुपए नगदी बरामद की थी. 


जांच में सामने आया कि दोनों माओवादियों के लिए फंड जुटाने और वितरित करने का काम कर रहे थे. 


वहीं फरवरी 2024 में इस केस को एनआईए ने अपने हाथ में ले लिया था. 


इनसे पूछताछ की तो पता चला कि रघु मिडियामी भी एमबीएम का नेता है. वह नक्सलियों के लिए पैसे इकट्ठा कर उन तक पहुंचा रहा है. 


वह छग, झारखंड समेत तेलंगाना के माओवादियों के पैसा पहुंचाता था. एनआईए ने मामले की जांच की और रघु को बीजापुर जिले से गिरफ्तार किया.


क्या है मूलवासी बचाओ मंच
मूलवासी बचाओ मंच एक आदिवासी संगठन है. 


छत्तीसगढ़ सरकार ने नवंबर 2024 में साल 2005 के विशेष जन सुरक्षा अधिनियम के तहत इस संगठन पर एक साल का प्रतिबंध लगा दिया था. 


अधिनियम की धारा 3 के अनुसार, किसी संगठन को प्रतिबंधित करने का अधिकार सरकार को है. 


सरकार ने इसे गैरकानूनी घोषित कर दिया था. इसको लेकर सरकार का कहना था कि यह संगठन सुरक्षा बलों के शिविरों का विरोध करता है. 


स्थानीय जनता को इसके खिलाफ भड़का रहा है. 


न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करता है, कानूनी संस्थाओं की अवमानना करता है और सार्वजनिक व्यवस्था और शांति में गड़बड़ी करता है. 


सरकार का दावा है कि संगठन की गतिविधियों से लोक व्यवस्था और शांति भंग हो रही है, जिससे नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है.


4 दिन में दूसरी छापेमारी
4 दिन में एनआईए की ये दूसरी छापेमारी है.


 इसके पहले सोमवार को भाजपा नेता बिरझू तारम हत्या मामले में नक्सल समर्थक और नक्सलियों के ओवरग्राउंड वर्कर्स के 6 ठिकानों पर छापा मार कार्रवाई की थी. 


यहां से मोबाइल फोन, लैपटॉप, प्रिंटर, हार्ड डिस्क, मेमोरी कार्ड और पेन ड्राइव जब्त किए थे. 


इसके साथ ही कई आपत्तिजनक सामान और दस्तावेज भी बरामद किए थे. 


अक्टूबर 2023 में मोहला मानपुर में बीजेपी नेता बिरजू राम तर्राम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. 


एनआईए ने 8 मार्च 2024 को मामले की जांच शुरू की थी.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP