भिलाई में फैला पीलिया, कई अस्पताल में भर्ती
भिलाई में फैला पीलिया, पाइपलाइन बदलने की कवायद शुरू
भिलाई | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के भिलाई में पीलिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है. पिछले कुछ दिनों में पीलिया के दो दर्जन मरीज सामने आ चुके हैं. शहर के वार्ड-67, सेक्टर-7 पश्चिम स्थित स्ट्रीट 37A इलाके में पीलिया के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है.
हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को यहां विशेष जांच अभियान चलाया. टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की और संदिग्ध मरीजों के रक्त नमूने एकत्र किए.
जांच के दौरान 9 नए मरीजों की पहचान हुई है, जिनका इलाज तुरंत शुरू कर दिया गया है. विभाग की ओर से लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे, जहां उनके सैंपल लिए गए. जिन लोगों के पहले सैंपल लिए जा चुके थे, उन्हें उनकी रिपोर्ट भी इसी दौरान सौंप दी गई.
स्वास्थ्य टीम ने सेक्टर-7, स्ट्रीट-37A के आसपास कुल 104 घरों में जाकर सर्वे और जांच की. इस अभियान के बाद इलाके में पीलिया के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है. इनमें से एक नए मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता पड़ी है.
बीमारी के फैलाव के बाद अब बीएसपी प्रबंधन ने भी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पानी की पुरानी पाइपलाइन बदलने का काम शुरू कर दिया है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिस पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति हो रही थी, वह लगभग 40 से 50 साल पुरानी है और इसकी खराब स्थिति को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी थीं.
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए बीएसपी और एचएससीएल ने एहतियाती कदम उठाते हुए नई पाइपलाइन डालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके तहत पुराने पाइप को नाले से हटाकर सड़क खोदकर नई लाइन बिछाई जाएगी और घरों तक नए कनेक्शन दिए जाएंगे.
फिलहाल 9 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं. इनमें से 5 मरीज शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, भिलाई में और 4 मरीज पल्स अस्पताल, भिलाई-1 में उपचाराधीन हैं. डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा देखभाल दी जा रही है.
स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखते हुए शिविर लगाना जारी रखा है, जहां लक्षण वाले लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं और अगले ही दिन रिपोर्ट उपलब्ध कराई जा रही है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि पीलिया आमतौर पर दूषित पानी और अस्वच्छ भोजन के कारण फैलता है, जो एक वायरल संक्रमण है. इसके लक्षण संक्रमण के 15 से 50 दिनों के भीतर सामने आ सकते हैं.
लोगों को सलाह दी गई है कि वे केवल साफ और उबला हुआ पानी पिएं तथा स्वच्छ भोजन का सेवन करें. चिकित्सकों ने बताया कि पीलिया के प्रमुख लक्षणों में भूख कम लगना, पेशाब का गहरा पीला होना, उल्टी, सिरदर्द, कमजोरी, थकान, पेट के दाहिने हिस्से में दर्द और आंखों व त्वचा का पीला पड़ना शामिल हैं. ऐसे कोई भी लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की हिदायत दी गई है.