रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

नारायणपुर में आईईडी ब्लास्ट, मजदूर की मौत

छत्तीसगढ़ नारायणपुर में आईईडी ब्लास्ट, मजदूर की मौत

C

CG Khabar

07 मार्च 2025, 08:40 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

आईईडी ब्लास्ट
आईईडी ब्लास्ट

नारायणपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई.  जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है. घायल मजदूर को पहले छोटे डोंगर के अस्पताल लाया गया. 


जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नारायणपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है. मामला छोटे डोंगर थाना क्षेत्र का है.

विज्ञापन


पुलिस के अनुसार जिले के छोटे डोंगर में संचालित निको जायसवाल लौह अयस्क खदान जाने वाले रास्ते में संदिग्ध माओवादियों ने आईईडी बम लगा रखा था. इस खदान में काम करने वाले मजदूर इसी मार्ग से रोज आना-जाना करते हैं. 


आज शुक्रवार की सुबह इसी मार्ग से गांव के 2 मजदूर दिलीप कश्यप और हरेंद्र नाग खदान की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान यहां माओवादियों द्वारा लगाई आईईडी में एक मजदूर का पैर आ गया और जोर का धमाका हुआ.


धमाके से पैर के चिथड़े उड़े
आईईडी की चपेट में दोनों मजदूर आ गए. धमाके से एक मजदूर के पैर के चिथड़े उड़ गए. पास से गुजर रहे अन्य मजदूरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. 


तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल मजदूरों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र छोटे डोंगर लाया गया.  प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को नारायणपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया. 


इस दौरान एक मजदूर दिलीप कुमार ने रास्ते में दम तोड़ दिया.  दूसरे मजदूर हरेंद्र नाग की स्थिति सामान्य बनी हुई है. उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है.


घटना की जानकारी मिलते ही नारायणपुर कलेक्टर और एसपी घायल मजदूर का हाल-चाल जानने जिला अस्पताल पहुंचे. बताया जा रहा है कि घायल मजदूर की हालत खतरे से बाहर है.


 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP