शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

तीन सड़क दुर्घटनाओं में चार की मौत

छत्तीसगढ़ तीन सड़क दुर्घटनाओं में चार की मौत

C

CG Khabar

08 मार्च 2025, 02:12 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

दुर्घटनाओं में चार की मौत
दुर्घटनाओं में चार की मौत

सूरजपुर\जांजगीर-चांपा\कोरबा| संवाददाताः छत्तीसगढ़ में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई है. सूरजपुर जिले में एक बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. हादसे में बोलेरो सवार दो लोगों की मौत हो गई. 


वहीं जांजगीर-चांपा जिले में ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में एक किशोर की जान चली गई.  इसके अलावा कोरबा के दीपका थाने में पदस्थ आरक्षक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई.


पहली घटना सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र की है. यहां के शिवपुर तिराहा के पास शनिवार की सुबह एक बोलेरो वाहन सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया. 


बोलेरो में तीन लोग सवार थे. जिसमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. 


वहीं पीछे बैठी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. 


पुलिस ने घायल महिला को प्रतापपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है. 


महिला की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है. वहीं दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.


ट्रैक्टर-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत

दूसरी घटना जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र की है. 


शनिवार की सुबह ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. 


बताया गया कि ग्राम देवरानी के दो दोस्त हरीश कुमार और अर्जुन महंत एक बाइक में सवार होकर मोबाइल फोन बनवाने के लिए बिर्रा आ रहे थे. 


इस दौरान बिर्रा चौक के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई. 


इस हादसे में 17 साल के नाबालिग हरीश की सिर पर गंभीर चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई. 


उसके दोस्त अर्जुन को भी गंभीर चोट आई हैं. उसे उपचार के लिए सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 


हादसे के बाद ट्रैक्टर छोड़कर चालक फरार हो गया. 


परिजनों ने किया चक्काजाम
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और शव को सड़क पर रख चक्काजाम कर दिया. 


काफी समझाइश के बाद परिजन माने और चक्काजाम समाप्त करने के लिए राजी हुए. 


इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ट्रैक्टर जब्त कर फरार चालक की तलाश कर रही है.


अज्ञात वाहन की ठोकर से आरक्षक की मौत
तीसरी घटना कोरबा जिले के बांकी मोगरा थाना क्षेत्र की है. 


दीपका थाने में पदस्थ आरक्षक भूपेंद्र कंपर अपने गृहग्राम कटघोरा से ड्यूटी के लिए निकला था. 


उसी दौरान जावली मुख्य मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. 


टक्कर इतनी जोरदार थी कि आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया. राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना 112 को दी. 


घायल आरक्षक को कटघोरा स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP