शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

गौमांस तस्करी करते स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी सहित पांच गिरफ्तार

C

CG Khabar

12 अप्रै. 2025, 07:15 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

 गौमांस तस्करी
गौमांस तस्करी

जशपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जशपुर में पुलिस ने गौमांस की तस्करी करते पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों में एक स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी भी शामिल है.


आरोपी झारखंड से गौमांस लेकर जशपुर ला रहे थे. आरोपियों के पास से छह किलो गौमांस बरामद हुआ है.


पुलिस ने गौ वंश, मांस परिवहन में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है. 


जशपुर थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन में कुछ लोग गौमांस लेकर झारखंड के गोविंदपुर से टिकैतगंज रोड होते हुए जशपुर की ओर जा रहे हैं.


इस सूचना के आधार पर पुलिस ने टिकैतगंज-पीढ़ी मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की.


स्कॉर्पियो वाहन जैसे ही करीब आया पुलिस को देख वाहन में सवार सभी लोग वाहन छोड़कर भागने लगे.


पुलिस ने सभी को दौड़ाकर पकड़ लिया. वाहन की तलाशी ली तो छह प्लास्टिक थैलियों में भरा कच्चा मांस मिला.


मांस के संबंध में पूछने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया. इसके बाद पशु चिकित्सक ने मांस की जांच कराई तो वह गौमांस निकला.


गिरफ्तार आरोपियों में जेवियर तिर्की निवासी सलखाडांड़, थाना बगीचा, विपिन तिर्की निवासी ग्राम सलखाडांड़, थाना बगीचा, आनंद किशोर एक्का निवासी लुड़ेग, थाना पत्थलगांव, महावीर महतो निवासी ग्राम फतेहपुर थाना जशपुर और मनोज राम निवासी डोडकाचौरा, थाना जशपुर शामिल हैं.


सभी आरोपी जशपुर और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं. पूछताछ में आरोपियों ने झारखंड के गोविंदपुर बाजार से गौमांस खरीदने की बात स्वीकार की है.


बताया गया कि आरोपी महावीर महतो स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ है. आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP