शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायपुर-बिलासपुर में ईडी की छापेमारी

H

Hupendra Sharma

26 सित. 2025, 04:57 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

ईडी छापा
ईडी छापा

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और बिलासपुर में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने दबिश दी है. ईडी की टीम तड़के दोनों जगह एक साथ पहुंची और जांच शुरू कर दी. कहा जा रहा है कि ईडी ने कस्टम मिलिंग और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छापेमारी की है. 


राजधानी रायपुर में ईडी की टीम जवाहर मार्केट स्थित रहेजा ग्रुप के संचालक संजय रहेजा के घर और ऑफिस में दबिश दी है. ईडी की टीम यहां दस्तावेज और लेन देन से जुड़ी फाइलों की जांच में जुटी हुई है. जांच के दौरान सुरक्षा भी कड़ी कर दी है.  


इसी तरह बिलासपुर के बड़े व्यापारी मीनाक्षी ट्रेडर्स के संचालक सुल्तानिया परिवार के क्रांति नगर स्थित आवास और कारोबारी ठिकानों पर दबिश दी. सुबह-सुबह दो गाड़ियों में ईडी की टीम पहुंची.


बताया गया कि सुल्तानिया परिवार के मकान महावीर नगर मंगला चौक के पास भी है. लेकिन वहां ईडी की टीम नहीं पहुंची. छापेमारी फिलहाल केवल क्रांति नगर स्थित घरों और ठिकानों तक सीमित है. 


मिली जानकारी के मुताबिक रियल एस्टेट और कारोबारी लेन-देन में हुई अनियमितताओं और फंडिंग की जांच को लेकर यह कार्रवाई की गई है.


हालांकि ईडी की तरफ से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. मीनाक्षी सेल्स सुल्तानिया ग्रुप का कोयला, सीमेंट, छड़, स्टील, ट्रेडिंग का कारोबार है.


छत्तीसगढ़ में बीती कुछ माह से ईडी की टीम सक्रिय है. टीम लगातार अलग-अलग शहरों में छापेमार कार्रवाई कर रही है.


इससे पहले भी प्रदेश के कई नेता और अधिकारियों और कारोबारियों के घर दबिश दी है.


कुछ दिन पहले ही ईडी कोयला घोटाला मामले में जांच करते हुए रायपुर और बिलासपुर के कई व्यपारियों के ठिकानों पर दबिश दी थी.


जिसमें ईडी के हाथ कई अहम दस्तावेज लगे थे. ईडी की टीम प्रदेश में कोयला, शराब, मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP