भूपेश बघेल के बेटे ने 1000 करोड़ की राशि कांग्रेस को ट्रांसफर की- ईडी
रायपुर | संवाददाता : प्रवर्तन निदेशालय ईडी ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल उर्फ बिट्टू को लेकर कहा है कि शराब घोटाले में चैतन्य बघेल ने कथित रूप से इसमें से ₹16.70 करोड़ की राशि का दुरुपयोग किया और उसे अपनी रियल एस्टेट कंपनियों के ज़रिए वैध दिखाने की कोशिश की.
ईडी की रायपुर ज़ोनल शाखा के अनुसार, चैतन्य को 18 जुलाई 2025 को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया. उन्हें विशेष PMLA कोर्ट में पेश कर 5 दिन की रिमांड पर भेजा गया.
ED की जांच में 2019-2022 के बीच छत्तीसगढ़ में हुए शराब घोटाले में ₹2500 करोड़ से अधिक की अवैध आय का पता चला. चैतन्य ने कथित तौर पर ₹16.70 करोड़ को रियल एस्टेट प्रोजेक्ट ‘विट्ठलपुरम’ में निवेश कर वैध दिखाने की कोशिश की. इसमें त्रिलोक सिंह ढील्लन की कंपनियों को माध्यम बनाया गया. जांच में ₹5 करोड़ की फर्जी फ्लैट खरीद और ढील्लन को शराब सिंडिकेट से प्राप्त राशि की पुष्टि हुई.
ED का दावा है कि चैतन्य ने ₹1000 करोड़ से अधिक की राशि अनवर ढेबर व अन्य के जरिए कांग्रेस प्रदेश कोषाध्यक्ष को ट्रांसफर की. इस राशि के पार्टी और बघेल परिवार से जुड़े निवेशों में उपयोग का संदेह है.
गौरतलब है कि इस मामले में पूर्व आईएएस अनिल टूटेजा, अरविंद सिंह, त्रिलोक सिंह ढील्लन, अनवर ढेबर, आटीएस अधिकारी अरुण पति त्रिपाठी और पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा सहित कई लोग गिरफ्तार हो चुके हैं. ED ने कहा कि जांच अभी चल रही है और अन्य वित्तीय लेनदेन व संलिप्त व्यक्तियों की पड़ताल की जा रही है.