जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव फिर स्थगित
छत्तीसगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव फिर स्थगित
रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव दूसरी बार स्थगित कर दिया गया है. नामांकन से ठीक 10 मिनट पहले चुनाव की तारीख तो आगे बढ़ाने से वहां हंगामा हो गया.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि लोकतंत्र में इस तरह की देरी उचित नहीं है. सरकार डर गई है. उन्होंने कहा कि अगर 20 मार्च को चुनाव नहीं हुआ तो कांग्रेस कलेक्टोरेट के बाहर अनिश्चितकालीन धरना देगी.
रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव के लिए आज बुधवार को नामांकन होना था. नामांकन से पहले चुनाव की तारीख को आगे बढ़ा दिया गया. इससे कांग्रेस के कार्यकर्ता नाराज हो गए और कलेक्टोरेट में हंगामा शुरू कर दिया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
विवाद बढ़ता देख पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलानी पड़ी. जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए सबसे पहले 5 मार्च की तारीख तय की गई थी. अचानक 3 मार्च को प्रशासन ने तारीख आगे बढ़ाकर 12 मार्च कर दी.
अब जब पूरी तैयारी हो गई थी तब एक बार फिर इसे टाल दिया गया है. अब जिला प्रशासन ने नई तिथि घोषित करते हुए 20 मार्च को मतदान कराने का आदेश जारी किया है. हालांकि इस बदलाव के पीछे के कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है.
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ऐसा लग रहा है कि भाजपा के पास पर्याप्त बहुमत नहीं है. इसलिए चुनाव की तारीख को आगे बढ़ाया है. कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि किसी भी प्रकिया से भाजपा सत्ता को छिनना चाहती है.