DMF घोटालाः 4 करोड़ नकद, 10 किलो चांदी जब्त
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित डीएमएफ घोटाला मामले में ईडी ने बड़ा खुलासा किया है. तीन सितंबर को ईडी की टीम ने प्रदेश के 28 जगहों पर छापेमारी की थी. इस दौरान 4 करोड़ रुपए नकद और 10 किलो चांदी बरामद की है. इसके अलावा छापेमारी के दौरान कई संदिग्ध दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस भी बरामद किए गए हैं.
कार्रवाई का खुलासा करते हुए ईडी ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड (बीज निगम) से संबंधित कारोबारियों, ठेकेदारों और बिचौलियों के ठिकानों से 4 करोड़ रुपए नकदी, 10 किलोग्राम चांदी के जेवर के साथ कुछ दस्तावेज, डिजिटल उपकरण आदि जब्त किए हैं.
ईडी की जांच से पता चला है कि छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के डीएमएफट फंड के लगभग 350 करोड़ रुपये का उपयोग बीज निगम के माध्यम से किया गया था.
बीज निगम के माध्यम से ठेकेदारों और वेंडरों को कृषि-उपकरणों की आपूर्ति के लिए ठेके पर काम दिए गए थे.
मिनी दाल मिल, बीज आदि और अनुबंध मूल्य का 60 फीसदी तक कमीशन वसूला गया. जिसे नेता और सरकारी अधिकारियों और अन्य सहयोगियों तक पहुंचाई गई.
इससे पहले ईडी ने 21.47 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क की थी. इसके अलावा रायपुर स्थित विशेष पीएमएलए न्यायालय में एक अभियोजन शिकायत भी दायर की गई है, जिसमें 16 लोगों को आरोपी बनाया गया है.
इस मामले में तीन लोगों आईएएस रानू साहू, राज्य सेवा अधिकारी माया वारियर और मनोज कुमार द्विवेदी को गिरफ्तार किया जा चुका है.
ईडी ने इन कारोबारियों के घर दी थी दबिश
इस मामले में ईडी की टीम ने 3 और 4 सितंबर को राजधानी रायपुर में 3 कृषि कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी.
शंकर नगर स्थित खाद कारोबारी विनय गर्ग के घर छापा पड़ा. फर्टिलाइजर से जुड़ा इनका कारोबार है.
वहीं लॉ विस्टा कॉलोनी में कृषि उपकरण और पेस्टिसाइड्स सप्लायर पवन पोद्दार और सतपाल छाबड़ा के घर पर भी दबिश दी थी. इसके अलावा दुर्ग-भिलाई और गरियाबंद में भी छापेमारी की थी.
इसी तरह दुर्ग जिले के भिलाई-3 के वसुंधरा नगर में अन्ना एग्रो टेक प्राइवेट लिमिटेड के दफ्तरों और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की थी.
इसके अलावा भिलाई के शांति नगर स्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट आदित्य दिनोदिया अग्रवाल के आवास पर दबिश दी थी.
जबकि आदित्य अग्रवाल का पूरा कारोबार रायपुर से संचालित होता है. इसी तरह गरियाबंद जिले के राजिम में उगम राज कोठारी के मकान और दुकान पर ईडी ने छापा मारा.