दुर्ग रेप हत्याः 21 अप्रैल को सीएम हाउस घेरेगी कांग्रेस
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ रेप और हत्या की घटना के विरोध में कांग्रेस न्याय पथ यात्रा निकालने का ऐलान किया है.
कांग्रेस 18 से 21 अप्रैल तक दुर्ग से रायपुर तक यह यात्रा निकालेगी. यात्रा के अंतिम दिन 21 अप्रैल को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने का भी ऐलान किया है.
इस संबंध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में पत्रकारवार्ता आयोजित की गई थी. जिसे संबोधित करते हुए दीपक बैज ने कहा कि पीड़ित परिवार पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट है.
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने बच्ची के परिवार के लोगों को थाने ले जाकर पीटा और यहां तक कि एक 8 साल की बच्ची को भी नहीं बख्शा गया. उन्होंने कहा कि सरकार लोहारीडीह जैसी स्थिति पैदा करना चाहती है.
पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि पूरे मामले की जांच सीबीआई से जांच कराई जाएगी. इस मामले की जांच के लिए कांग्रेस ने अपनी जांच कमेटी बनाई है. कमेटी के सदस्य पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर पूछताछ की है.
उन्होंने कहा कि बच्ची के परिजनों का कहना है कि पुलिस ने बच्ची के चाचा को आरोपी बताया है. जबकि वह असली गुनहगार नहीं है. पुलिस ने झूठे कबूलनामे का दबाव बनाया. पुलिस अपनी नाकामी छिपाने के लिए पीड़ित परिवार को ही टारगेट कर रही है.
कांग्रेस का कहना है कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है प्रदेश में महिलाएं, बच्चियां और माताएं सुरक्षित नहीं हैं. बलात्कार, हत्या और लूट की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है और सरकार तमाशबीन बनी हुई है.
कांग्रेस का कहना है कि दुर्ग की घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. लोहारीडीह, बलरामपुर, सूरजपुर और अब दुर्ग इन सभी जगहों पर जनता खुद सड़कों पर उतर रही है. क्योंकि उन्हें न सरकार पर भरोसा है और न ही पुलिस पर. यह कानून व्यवस्था की नाकामी का सबसे बड़ा सबूत है.