शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

स्मार्ट मीटर लगाने में छत्तीसगढ़ तीसरे नंबर पर

छत्तीसगढ़ स्मार्ट मीटर लगाने में छत्तीसगढ़ तीसरे नंबर पर

C

CG Khabar

17 मार्च 2025, 08:39 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

 स्मार्ट मीटर
स्मार्ट मीटर

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ स्मार्ट मीटर लगाने वाले राज्यों में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है. असम और बिहार राज्य ही छत्तीसगढ़ से आगे हैं. 


छत्तीसगढ़ में अभी तक करीब 11 लाख घरों में प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं. इसी साल जून माह से यहां रिचार्ज सिस्टम भी शुरू हो जाएगा.  प्रदेश के शेष 42 लाख घरों में साल के अंत तक स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य रखा गया है. 


प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने के मामले में राजधानी रायपुर पहले स्थान पर है. यहां अभी तक दो लाख 59 हजार मीटर लगाए जा चुके हैं.  इसके बाद बिलासपुर दूसरे नंबर पर हैं. यहां एक लाख नौ हजार स्मार्ट मीटर लग चुके हैं. 


इसी तरह धमतरी में 98  हजार, बलौदाबाजार में 78 हजार, महासमुंद में 82 हजार, राजनांदगांव में 67 हजार, जांजगीर चांपा में 29 हजार और कोरबा में 42 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं. 


एडवांस में कराना होगा रिचार्ज
बताया गया कि स्मार्ट मीटर के सक्रिय हो जाने के बाद उपभोक्ता के घरों में बिजली बिल आना बंद हो जाएगा. उपभोक्ताओं को इसके लिए एडवांस में रिचार्ज कराना होगा. 


रिचार्ज सिस्टम मोबाइल फोन की तरह होगा. खाते में रकम खत्म होते ही बिजली अपने आप कट जाएगी. 


हालांकि बैलेंस खत्म होने के बाद भी 300 रुपए तक का क्रेडिट दिया जाएगा. इस बीच उन्हें रिचार्ज कराना होगा और अगले रिचार्ज से ये रकम काट ली जाएगी.


स्मार्ट मीटर के शुरू होते ही मैनुअल रीडिंग भी खत्म हो जाएगा. विद्युत विभाग के कर्मचारी स्टेशन से ही सभी घरों की बिजली खपत की गणना कर सकते हैं. 


प्रीपेड मीटर में छोटा मॉडम लगाया गया है. इसे सर्वर के साथ उपभोक्ताओं के मोबाइल से कनेक्ट किया जाएगा. 


इससे उपभोक्ताओं को जानकारी मिलती रहेगी कि उनके पास कितना बैलेंस बचा है और वे और कितनी यूनिट बिजली का उपयोग कर सकते हैं. 


रिचार्ज खत्म होने से पहले ही उपभोक्ताओं के मोबाइल पर बैलेंस रिचार्ज का मैसेज भी आ जाएगा.

 

प्रदेश में 59 लाख उपभोक्ता
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के मुताबिक प्रदेश में वर्तमान में 59 लाख बिजली उपभोक्ता हैं. इनमें से करीब 5 लाख 50 हजार उपभोक्ता कृषि कनेक्शन वाले हैं. 


इस योजना के तहत कृषि उपभोक्ताओं को छोड़कर सभी उपभोक्ताओं के यहां प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे. 


कृषि उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की योजना से बाहर रखा गया है. केंद्र सरकार के रिवेम्पड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के तहत ये मीटर लगाए जा रहे हैं. 


छत्तीसगढ़ के अलावा बिहार, गुजरात, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा और दमन-दीव में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP