दिल्ली से लौटे सीएम साय, जल्द होगा मंत्रिमंडल का विस्तार
रायपुर | संवाददाताः मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तीन दिवसीय दिल्ली दौरे के बाद शनिवार सुबह रायपुर लौट आए. इस दौरे में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के कई शीर्ष नेताओं से मुलाकात की.
सीएम ने कहा कि दौरा राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण रहा, जिसमें छत्तीसगढ़ के विकास, बस्तर की पहचान और अन्य अहम विषयों पर मंथन हुआ.
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ के विजन "अंजोर@2047" का विषय तो रहा ही, साथ ही रजत जयंती वर्ष में होने वाले राज्योत्सव और अगले छह महीनों तक चलने वाले आयोजनों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. नक्सल उन्मूलन के क्षेत्र में मिली सफलताओं को लेकर भी चर्चा हुई.
सीएम ने कहा कि बस्तर ओलंपिक को ‘खेलो इंडिया ट्राइब गेम्स’ के रूप में विकसित किया जाएगा. इससे बस्तर को नई पहचान मिलेगी. बस्तर में नक्सलवाद समाप्ति की ओर है.
मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर लगाए जा रहे कयास के बीच बड़ा संकेत देते हुए कहा कि थोड़ा इंतजार कीजिए, बहुत जल्द मंत्रिमंडल का विस्तार होगा.
मुख्यमंत्री के इस संदेश के बाद यह कयास लगाया जा रहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री की भाजपा आलाकमान से गहन चर्चा हुई है.
ज्ञात हो कि सीएम साय ने 13 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. उस समय कुल 12 मंत्रियों ने शपथ ली थी.
वरिष्ठ भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल प्रदेश के शिक्षा मंत्री बने, लेकिन लोकसभा चुनाव 2024 में बृजमोहन अग्रवाल ने मंत्रिपद से इस्तीफा देकर रायपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीतकर सांसद बने.
बृजमोहन अग्रवाल के सांसद निर्वाचित होने के बाद दो मंत्री पद रिक्त हो गए. जिन्हें भरने की कवायद कई बार शुरू होने के बाद अब तक अधूरी है. अब उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस गतिरोध का समाधान निकाला जाएगा.