छत्तीसगढ़ में कोरोना के 7 नए मरीज मिले
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में कोरोना के मरीज लगातार बढ़ते जा रहे हैं. मंगलवार को कोरोना के 7 नए मरीज मिले हैं. इनमें रायपुर से 2, बिलासपुर से 3, दुर्ग और बेमेतरा से एक-एक मरीज मिले हैं. इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 48 हो गई है. वहीं 21 कोरोना पीड़ित ठीक भी हो चुके हैं.
इनको मिलकर अब तक प्रदेश में कोरोना के 69 मामले सामने आ चुके हैं. अभी तक सबसे अधिक मामला रायपुर और बिलासपुर में दर्ज किए गए हैं.
छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा 20 सक्रिय मामले राजधानी रायपुर में हैं. इसके बाद बिलासपुर में 16 मरीज हैं. इसी तरह दुर्ग में 8 और बालोद, बेमेतरा, बस्तर और महासमुंद में एक-एक मामले सक्रिय हैं.
इन सक्रिय मामलों में 43 होम आइसोलेशन में हैं. जबकि 4 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं. एक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले तीन दिनों के अंदर कोरोना के 20 नए मरीज मिले हैं.
जबकि 6 मई को एक ही दिन में 17 मरीजों की पुष्टि हुई थी. यह अब तक के एक ही दिन में मिले कोरोना पीड़ितों का सबसे बड़ा आंकड़ा था. प्रदेश में लगातार कोरोना के बढ़ रहे मरीजों की संख्या को देखते हुए प्रशासन हाई अलर्ट मोड़ पर आ गया है.
शासकीय अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के सभी तरह के स्टाफ को कोविड प्रोटोकॉल की ट्रेनिंग दी जा रही है. इसके साथ ही इमरजेंसी से निपटने के लिए मॉकड्रिल भी आयोजित की जा रही हैं.
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि हल्के लक्षण दिखने पर भी तुरंत जांच कराएं, मास्क पहनें, हाथों की सफाई करें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें. सार्वजनिक जगहों पर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है.