शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम

C

CG Khabar

06 जून 2026, 06:31 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

कॉकरोच जनता पार्टी
कॉकरोच जनता पार्टी

नई दिल्ली । डेस्क: देश में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती टेस्ट में कथित अनियमितताओं के खिलाफ शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक अनोखा और बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के बैनर तले जुटे सैकड़ों युवाओं और छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की. इस दौरान प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लिए और कॉकरोच के मास्क पहने नजर आए. 


आंदोलन को धार देने के लिए इसके संस्थापक अभिजीत दिपके शनिवार सुबह ही अमेरिका से दिल्ली पहुंचे, जहां एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय उनके हाथ में बाबासाहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की आत्मकथा थी.


जंतर-मंतर पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए इस प्रदर्शन में मशहूर पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए. उनके अलावा सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और भाकपा की एनी राजा समेत कई वामपंथी छात्र व युवा संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया. 


प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए दिपके ने कहा कि आज देश के युवाओं में अपनी आवाज उठाने को लेकर जो डर पैदा हो गया है, उसे खत्म करने का समय आ गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को हैक कर पोस्ट डिलीट की जा रही हैं, लेकिन युवाओं के इस आंदोलन को दबाया नहीं जा सकता.


प्रदर्शन के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने केंद्र सरकार को सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने कहा कि या तो शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सात दिनों के भीतर अपने पद से सम्मानपूर्वक इस्तीफा दें, अन्यथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें बर्खास्त करें. 


यदि ऐसा नहीं होता है, तो यह आंदोलन देशव्यापी रूप लेगा. संगठन ने स्पष्ट किया कि उनकी यह लड़ाई शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है, जिसका मकसद देश की शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त करना है.


इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे. हवाई अड्डे, सीमाओं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किए गए थे. 

कानून-व्यवस्था बनाए रखने और दो गुटों के बीच संभावित टकराव को रोकने के लिए पुलिस ने ऐहतियातन छह लोगों को हिरासत में भी लिया. 


वहीं, सोशल मीडिया पर चल रही एफआईआर दर्ज होने की खबरों को दिल्ली पुलिस ने पूरी तरह से खारिज करते हुए इसे अफवाह बताया है और नागरिकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP