40 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण
बीजापुर/कोण्डागांव | संवाददाताः पुलिस ने छत्तीसगढ़-तेलंगाना की सीमा पर चल रहे नक्सल ऑपरेशन के बीच तेलंगाना में एक साथ 38 माओवादियों के आत्मसमर्पण का दावा किया है. इसी तरह पुलिस ने कहा है कि कोण्डागांव जिले में भी एक माओवादी दंपति ने समर्पण किया है. दोनों पर 8-8 लाख रुपए का इनाम घोषित था.
पुलिस के मुताबिक आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी दंपति रैसिंग कुमेटी और उनकी पत्नी पुनाय आचला कोयलीबेड़ी और कांकेर क्षेत्र के रहने वाले हैं.
रैंसिक 2002 से और पुनाय 2005 से माओवादी संगठन में सक्रिय थे. दोनों छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कई माओवादी घटनाओं में शामिल रहे हैं.
साल 2009 में मदनवाड़ा हमले में भी दोनों शामिल थे. इस हमले में राजनांदगांव के एसपी समेत 29 जवान शहीद हुए थे.
पुलिस अधीक्षक अक्षय कुमार की मौजूदगी में दोनों को 50-50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई.
इधर तेलंगाना में आत्मसमर्पण करने वाले 38 माओवादियों ने भादरादरी कोठागुडम एसपी के सामने हथियार डाल दिए हैं. बताया जा रहा है कि ये माओवादी कई माओवादी घटनाओं में शामिल रहे हैं.
पुलिस का कहना है कि माओवादी विचारधारा से परेशान होकर सभी ने आत्मसर्मपण करने का फैसला लिया है.