जंगली सुअर का शिकार करने वाले 4 गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ जंगली सुअर का शिकार करने वाले 4 गिरफ्तार
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली सुअरों का शिकार करने वाले 4 शिकारियों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं 6 आरोपी फरार हैं.
आरोपियों ने जंगल में फंदा लगाकर दो सुअरों को मारा था. धरमजयगढ़ एसडीओ बाल गोविंद साहू ने बताया कि मामला धरमजयगढ़ वन मंडल का है.
कोयलार गांव निवासी 10 लोगों ने जंगली सुअर का शिकार करने धरमजयगढ़ वन मंडल के कोयलार सर्किल के राजा जंगल में फंदा लगाया था. योजना के मुताबिक आरोपियों ने पहले क्लच तार का फंदा बना कर लगाया था. कुछ लोग फंदे के पास निगरानी कर रहे थे.
वहीं बाकी लोग जंगली सुअर को दौड़ाते हुए फंदे तक लेकर आए. जैसे ही दो जंगली सुअर फंदे में फंसे वहां खड़े शिकारियों ने टांगी से हमला कर दिया. जिससे दोनों जंगली सुअरों की मौत हो गई. शिकारी जंगल में ही सुअरों को आग से भुनकर खाने की तैयारी में थे. इसी दौरान वनकर्मियों को मामले की जानकारी हुई और इसकी भनक लगते ही आरोपी आनन-फानन में जंगली सुअरों के शव को गड्ढे में सूखे पत्तों से ढक कर भाग गए.
वन विभाग का दावा है कि जंगल में संदिग्ध रूप से भागते हुए जगमोहन राठिया और बोधराम राठिया को वन अमले ने पकड़ लिया. दोनों को रेंज कार्यालय लाकर पूछताछ की गई. आरोपियों ने दो जंगली सुअरों का शिकार करना कबूल कर लिया. आरोपियों ने बताया कि उनके साथ 8 और लोग शामिल हैं.
इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों ने कोयलार गांव से सनतराम राठिया और नेतराम चौहान को भी घर दबोचा. लेकिन बाकी के 7 शिकारी फरार हो गए.