इंदौर में दूषित पानी से 32 लोग बीमार
इंदौर में संदिग्ध दूषित पानी से 32 लोग बीमार
इंदौर । डेस्क: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से कम से कम 32 लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है. उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद इन सभी मरीजों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर प्रशासन को सभी मरीजों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं.
इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हसानी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में भागीरथपुरा क्षेत्र से ये मरीज सामने आए हैं.
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा नलों के जरिए आपूर्ति किए जाने वाले नर्मदा के पानी को पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी.
इस मामले पर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि पानी के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं और 48 घंटे में रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
गौरतलब है कि इंदौर अपनी जल आपूर्ति के लिए नर्मदा नदी पर निर्भर है, जिसका पानी पाइपलाइनों के जरिए लगभग 80 किलोमीटर दूर जलूद से लाया जाता है. फिलहाल प्रशासन रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है और प्रभावित क्षेत्र में एहतियात बरती जा रही है. (Symbolic Photo)