शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कनाडा में गुजरात की 22 वर्षीय छात्रा की हत्या

C

CG Khabar

28 मई 2026, 09:12 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

विधि कल्पेशभाई मेघा
विधि कल्पेशभाई मेघा

गांधीनगर । डेस्क: कनाडा के नियाग्रा क्षेत्र में गुजरात की एक 22 वर्षीय भारतीय छात्रा की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस दुखद खबर के बाद से आनंद जिले के बोरसद कस्बे में रहने वाले छात्रा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतका की पहचान विधि कल्पेशभाई मेघा के रूप में हुई है, जो पिछले चार सालों से उच्च शिक्षा के लिए कनाडा में रह रही थीं. 


पढ़ाई के साथ-साथ वह वहां पार्ट-टाइम नौकरी भी कर रही थीं और कनाडा में स्थायी निवास (PR) हासिल करने की तैयारी में थीं.


पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, विधि ने आखिरी बार 14 मई को अपने पिता से बात की थी. इसके बाद 15 मई को वह अपने आवास से निकलीं और लापता हो गई थीं. बाद में नियाग्रा क्षेत्र से उनका शव बरामद किया गया, जहां कनाडाई अधिकारियों ने पुष्टि की कि उनकी हत्या चाकू के हमले में हुई है.


इस घटना ने परिवार को गहरा सदमा दिया है, और प्रशासनिक देरी ने उनकी परेशानी को और बढ़ा दिया. घटना के लगभग 12 दिन बाद बुधवार को नई दिल्ली के अधिकारियों के माध्यम से परिवार को इस त्रासदी की जानकारी मिली. इतनी लंबी देरी से संवाद होने के कारण परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


कनाडाई पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस हमलावर की तलाश करने के साथ-साथ इस क्रूर हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटी है. कनाडा में रहने वाले विधि के अंकल से वह पिछले डेढ़ साल से अलग रह रही थीं, जबकि उनका छोटा भाई रुद्र गुजरात के बोरसद में माता-पिता के साथ रहता है.


विधि की मौत की खबर फैलते ही पूरे बोरसद कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है. उनकी माता वैशालीबेन मेघा और चाची स्नेहल मेघा समेत पूरा परिवार इस असमय क्षति से टूट चुका है. परिजनों ने भारत सरकार से गुहार लगाई है कि विधि के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द वापस लाने में मदद की जाए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए. इस घटना से न केवल गुजरात में बल्कि कनाडा के पूरे भारतीय समुदाय में गहरा रोष और शोक है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP