1xBet सट्टा ऐप केस: युवराज सिंह, सोनू सूद की संपत्ति जब्त
नई दिल्ली । डेस्क: प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा और अभिनेता सोनू सूद समेत कई मशहूर हस्तियों की 7.93 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली है. जांच एजेंसी की यह कार्रवाई '1xBet' नामक अवैध ऑफशोर सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़े मामले में हुई है.
इस लिस्ट में अभिनेत्री नेहा शर्मा, उर्वशी रौतेला की मां और बंगाली कलाकार अंकुश हाजरा व मिमी चक्रवर्ती के नाम भी शामिल हैं.
ED की जांच के अनुसार, इन हस्तियों ने विदेशी संस्थाओं के साथ विज्ञापन और प्रमोशन के समझौते किए थे, जिनका भुगतान अवैध सट्टेबाजी से अर्जित 'क्राइम प्रोसीड्स' के जरिए किया गया था.
एजेंसी ने बताया कि 1xBet और इसके सरोगेट ब्रांड भारत में अवैध रूप से सट्टेबाजी और जुए का संचालन कर रहे थे. पैसों के असली स्रोत को छिपाने के लिए विदेशी बिचौलियों के माध्यम से पेमेंट लेयरिंग की गई थी.
गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर में भी इसी मामले में शिखर धवन और सुरेश रैना की 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी.
ED ने अब सार्वजनिक तौर पर मशहूर हस्तियों और इन्फ्लुएंसर्स को चेतावनी दी है कि वे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से ऐसे अवैध प्लेटफार्मों को बढ़ावा देने से बचें.