शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

बीजापुर में 19 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ बीजापुर में 19 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

C

CG Khabar

17 मार्च 2025, 03:12 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

19 माओवादियों का समर्पण
19 माओवादियों का समर्पण

बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार को 19 माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है. इनमें से 10 माओवादियों पर कुल 29 लाख रुपए का इनाम घोषित था. 


आत्मसमर्पण करने वाले सभी 19 माओवादी फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट, आगजनी जैसे कई माओवादी घटनाओं में शामिल रहे हैं. 


समर्पण के बाद सभी को सरकार की ओर से 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई.


इन माओवादियों ने सीआरपीएफ डीआईजी देवेन्द्र सिंह नेगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, एएसपी मयंक गुर्जर (आईपीएस), डीएसपी शरद जायसवाल और अन्य अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण किया है. 


इसी के साथ इस साल अब तक 84 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्य धारा में लौटे चुके हैं. वहीं 137 माओवादी गिरफ्तार किए गए हैं. जबकि 56 माओवादी अलग-अलग मुठभेड़ में मारे गए हैं.


पुलिस का कहना है कि जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान व सरकार की पुनर्वास व आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर माओवादी समर्पण कर रहे हैं. 


आज समर्पण करने वाले माओवादियों में 8 लाख के इनामी देवा पदम और आठ लाख के इनामी दुले कलमु भी शामिल हैं. ये दोनों पति-पत्नी हैं. 


इसके साथ ही पांच लाख के इनामी एसीएम सुरेश कट्टाम, दो लाख की इनामी सोनी पुनेम, एक लाख के इनामी नारायण कट्टाम, एक लाख के इनामी अन्दा माड़वी, एक लाख के इनामी बामी कुहरामी ने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है. 


इनके अलवा नागा कटटम, शंकर कड़ती, मुन्ना पोड़ियाम, सहला वाम, नरसिंह राम पोड़ियाम, शंकर माड़वी, लखमा ताती, पाण्डू माड़वी, जोगा सोड़ी, पिड़गा कटटम, एर्रा सोढ़ी और चिन्नाबी काका ने आत्मसमर्पण किया है.


कोंडागांव में एक माओवादी ने किया सरेंडर
इधर कोंडागांव में भी 1 लाख के इनामी माओवादी राजमन होड़ी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है. 


हार्डकोर माओवादी राजमन होड़ी ने कोंडागांव पुलिस अधीक्षक वॉय अक्षय कमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रुपेश कुमार डांडे के सामने समर्पण किया है. 


वह 2014 से नक्सल संगठन के लिए काम कर रहा था. वह बेड़मा पंचायत मिलिशिया से लेकर बारसूर एलओएस तक की जिम्मेदारियां संभाल चुका है. 


राजमन होड़ी पर अलग-अलग थानों में हत्या, अपहरण, लूट, और आर्म्स एक्ट समेत कई अपराध दर्ज हैं. 
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP