16वीं जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी: सेमीफाइनल में पहुंचा छत्तीसगढ़
पुणे । डेस्क: पुणे के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 में छत्तीसगढ़ की बेटियों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर सेमीफाइनल में जगह बना ली है. गुरुवार को खेले गए तीसरे क्वार्टरफाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ हॉकी ने उत्तर प्रदेश हॉकी को 5-2 से करारी शिकस्त देकर अंतिम चार का टिकट पक्का किया.
क्वार्टरफाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम शुरुआत से ही उत्तर प्रदेश पर हावी नजर आई.
मैच के 9वें मिनट में यशोदा ने मैदान गोल दागकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई. इसके बाद 19वें मिनट में रुखमणी और 24वें मिनट में अंजलि एक्का ने गोल करते हुए टीम का स्कोर 3-0 कर दिया. उत्तर प्रदेश की ओर से शंकर पायल ने 22वें मिनट में पहला गोल दागा, जिससे हाफ टाइम तक छत्तीसगढ़ 3-1 से आगे रहा.
दूसरे हाफ में भी छत्तीसगढ़ की खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल जारी रखा. 33वें मिनट में उत्तर प्रदेश की अन्नू ने गोल कर अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन 37वें मिनट में यशोदा ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 4-2 कर दिया. इसके बाद 44वें मिनट में यादव शीतल ने पांचवां गोल कर उत्तर प्रदेश की वापसी के सारे रास्ते बंद कर दिए और छत्तीसगढ़ को 5-2 की शानदार जीत दिला दी.
अब शुक्रवार को खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ का सामना हॉकी हरियाणा से होगा, जिसने चंडीगढ़ को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है.
अन्य क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में झारखंड ने ओडिशा को शूटआउट में और मध्य प्रदेश ने मणिपुर को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है. पहला सेमीफाइनल झारखंड और मध्य प्रदेश के बीच खेला जाएगा.