12वीं के छात्र को 10वीं के छात्र ने मारा चाकू, मौत
छत्तीसगढ़ 12वीं के छात्र को 10वीं के छात्र ने मारा चाकू, मौत
महासमुंद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के महासमुंद में 10वीं कक्षा के छात्र ने पुरानी रंजिश के चलते 12वीं कक्षा के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी है. घटना रविवार को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान की है. पुलिस ने आरोपी नाबालिग छात्र को हिरासत में ले लिया है.
सिटी कोतवाली पुलिस ने बताया कि घटना दादाबाड़ा के पास रात 11 बजे की है. दोनों छात्र रामनवमी के अवसर पर शोभायात्रा देखने निकले थे.
दादाबाड़ी के पास दोनों छात्रों की मुलाकात हो गई. दोनों के बीच कुछ दिनों पहले ही मोटरसाइकिल की टक्कर को लेकर विवाद हुआ था.
इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी छात्र ने गुस्से में आकर वेदांश पर चाकू से ताबड़ तोड़ हमला कर दिया.
जिससे वेदांश वहीं गिर गया और आरोपी छात्र फरार हो गया. घायल वेदांश को तत्काल उसके दोस्त मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
वेदांश के दोस्तों ने फोन कर घटना की सूचना उसके पिता को दी. तुरंत वह भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी. पुलिस आरोपी नाबालिग छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
उससे वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है. आरोपी शुक्रवार से ही चाकू लेकर घूम रहा था.