होर्मुज से 11,000 नाविकों को सुरक्षित निकाला जाएगा: IMO
नई दिल्ली । डेस्क: संयुक्त राष्ट्र की संस्था अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) ने संघर्ष क्षेत्र में फंसे जहाजों और उन पर सवार करीब 11,000 नाविकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एक बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन की घोषणा की है. इस महा-अभियान के तहत समुद्री क्षेत्र में फंसे इन सभी नाविकों को हॉर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते सुरक्षित निकाला जाएगा.
आईएमओ के महासचिव आर्सेनियो डोमिंगुएज ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि इस संवेदनशील और बड़े पैमाने पर होने वाले ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए ओमान, ईरान, क्षेत्र के अन्य तटीय देशों, संयुक्त राज्य अमेरिका और वैश्विक समुद्री उद्योग के साथ मिलकर एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है.
डोमिंगुएज के अनुसार, इस अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सभी संबंधित पक्षों से आवश्यक सुरक्षा गारंटी हासिल कर ली गई है और सुरक्षित नौवहन की शर्तों की पूरी तरह से पुष्टि की जा चुकी है.
इस बीच, ओमान की ओर से जहाजों के सुरक्षित आवागमन को लेकर विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं.
गौरतलब है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है, जहां से युद्ध शुरू होने से पहले दुनिया के कुल तेल और प्राकृतिक गैस व्यापार का पांचवां हिस्सा (20%) गुजरता था.
हालांकि, इस रेस्क्यू मिशन के सामने चुनौतियां कम नहीं हैं. क्षेत्र में चल रहे तनाव के बीच एक अस्थायी युद्धविराम की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन इजरायल और ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के बीच जारी ताजा संघर्ष के बाद ईरान द्वारा इस समुद्री मार्ग को फिर से बंद करने की चेतावनी दी गई है, जिससे स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है.