शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

लद्दाख में प्रदर्शनकारियों ने BJP कार्यालय में लगाई आग

C

CG Khabar

24 सित. 2025, 03:44 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

भाजपा कार्यालय लेह
भाजपा कार्यालय लेह

लेह । डेस्क: लद्दाख में राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची के विस्तार की मांग को लेकर बुधवार को बड़े पैमाने पर प्रदर्शन और बंद के दौरान हिंसा भड़क उठी. प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी के स्थानीय कार्यालय में आग लगा दी और एक सुरक्षा वाहन को भी जला दिया. पुलिस ने हिंसक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया.


— Vijaita Singh (@vijaita) September 24, 2025


प्रदर्शन लद्दाख की स्वायत्तता और विकास के लिए केंद्र सरकार के साथ प्रस्तावित वार्ता को आगे बढ़ाने की मांग को लेकर आयोजित किया गया था. लेह एपेक्स बॉडी (एलएबी) और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (केडीए) के प्रतिनिधियों के साथ केंद्र सरकार की अगली वार्ता 6 अक्टूबर को निर्धारित है.


लेह एपेक्स बॉडी की युवा शाखा ने 35 दिनों से जारी भूख हड़ताल के समर्थन में प्रदर्शन और बंद का आह्वान किया था. भूख हड़ताल में शामिल 15 लोगों में से दो की हालत मंगलवार शाम को बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. 


इस भूख हड़ताल का नेतृत्व जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक कर रहे हैं, जो लद्दाख के लिए पूर्ण राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची के तहत शामिल करने की मांग कर रहे हैं. उनकी इस मांग को विशेष रूप से युवाओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है.


हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए, सोनम वांगचुक ने एक्स पर लिखा, “लेह में हुई घटनाएं बहुत दुखद हैं. मेरा शांतिपूर्ण रास्ते का संदेश आज विफल रहा. मैं युवाओं से अपील करता हूं कि कृपया इस बेतुकेपन को रोकें. इससे हमारे उद्देश्य को ही नुकसान पहुंचता है.”


प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी कार्यालय के बाहर एक सुरक्षा वाहन को भी आग के हवाले कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि व्यवस्था बहाल करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं.


प्रदर्शन और पुलिस के साथ झड़प के कारण चार दिवसीय वार्षिक लद्दाख उत्सव को अंतिम दिन बुधवार को रद्द कर दिया गया. उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को उत्सव के समापन समारोह में शामिल होना था, जो रविवार से शुरू हुआ था.


लद्दाख प्रशासन के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने एक बयान में कहा, “लद्दाख संघ शासित प्रदेश के प्रशासन ने अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण चल रहे लद्दाख उत्सव के अंतिम दिन और समापन समारोह को रद्द करने की घोषणा की है. प्रशासन स्थानीय कलाकारों, सांस्कृतिक समूहों, पर्यटकों और लद्दाख के लोगों सहित सभी हितधारकों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करता है, जो इस आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे.”


प्रशासन ने जनता से सहयोग और समझदारी की अपील की और उत्सव में भारी समर्थन और भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP