छत्तीसगढ़ में एचएमपीवी का पहला मामला
छत्तीसगढ़ में एचएमपीवी यानी ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस का पहला मामला
बिलासपुर|संवाददाताः छत्तीसगढ़ में एचएमपीवी यानी ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस का पहला मामला सामने आया है.
बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती कोरबा का 3 साल का बच्चा एचएमपीवी से पीड़ित पाया गया है, जिसकी पुष्टि डॉक्टरों ने की है.
बताया जा रहा है कि यह बच्चा 27 जनवरी से अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती है.
यहां उसके स्वास्थ्य में ज्यादा सुधार नहीं हो रहा है. जिसके चलते उसे अब रायपुर एम्स भेजने की तैयारी की जा रही है.
इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार दी है.
स्वास्थ्य विभाग ने बच्चे में एचएमपीवी की पुष्टि होने के बाद बिलासपुर और कोरबा जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है.
बिलासपुर जिले के जिला स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर प्रमोद तिवारी ने बताया कि कोरबा निवासी तीन साल के बालक को सर्दी-खांसी और बुखार की शिकायत पर परिजनों ने 27 जनवरी को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया था.
एचएमपीवी का संदेह होने पर उसके नमूने जांच के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर भेजे गए थे. जहां जांच में एचएमपीवी संक्रमण की पुष्टि होने के बाद बच्चे को अस्पताल में अन्य मरीजों से अलग कर आईसीयू में रखा गया है.
स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है कि पीड़ित बच्चे के तीन अन्य भाई-बहनों को भी निगरानी में रखा गया है. हालांकि उनमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं.
उन्होंने बताया कि एचएमपीवी का पहला मामला सामने आने के बाद बिलासपुर जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है. वहीं कोरबा के उस इलाके में सर्वेक्षण किया जा रहा है, जहां से बच्चा है.