जबलपुर कृषि विश्वविद्यालय में युवती से रेप
जबलपुर के कृषि विश्वविद्यालय में युवती से रेप
जबलपुर । डेस्क: मध्यप्रदेश के जबलपुर जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के परिसर में नौकरी का झांसा देकर 22 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के सिलसिले में विश्वविद्यालय के एक अपर डिवीजन क्लर्क और एक चपरासी को गिरफ्तार किया है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने शनिवार को बताया कि पीड़िता ने सोशल मीडिया पर विश्वविद्यालय में रिक्त पदों की जानकारी देखी थी.
संपर्क करने पर कुलपति कार्यालय के क्लर्क दुर्गा शंकर सिंगरहा (58) ने उसे दस्तावेजों के साथ बुलाया और आश्वासन दिया कि वह उसकी नौकरी लगवा देगा.
आरोपी पिछले 20 दिनों से उसे भर्ती प्रक्रिया का झांसा देकर शहर में मिलता रहा.
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को आरोपी ने युवती को इंटरव्यू के बहाने विश्वविद्यालय परिसर स्थित चपरासी मुकेश सेन के घर बुलाया. वहां चपरासी ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिसके बाद सिंगरहा ने युवती के साथ दुष्कर्म किया.
वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता को परिसर के बाहर छोड़ दिया और चुप रहने पर नौकरी देने का लालच दिया.
पीड़िता की शिकायत पर अधारताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया. शुक्रवार को अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.