शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

टीवीके के प्रमुख विजय के घर में बम का धमकी भरा फोन

C

CG Khabar

29 सित. 2025, 08:52 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

जोसेफ विजय
जोसेफ विजय

चेन्नई । डेस्क: तमिल अभिनेता और नवगठित पार्टी तमिलागा वेट्री कझागम (टीवीके) के प्रमुख जोसेफ विजय को शनिवार को करूर में हुई भगदड़ की घटना के बाद रविवार को बम धमकी मिली. चेन्नई पुलिस को एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें दावा किया गया कि विजय के नीलांककराई इलाके स्थित घर में बम रखा गया है. 


फोन मिलते ही पुलिस ने अभिनेता के आवास पर छापा मारा और बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वायड को बुला लिया. स्निफर डॉग्स के साथ व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि विजय उस वक्त घर पर मौजूद थे या नहीं.


शनिवार रात को तमिलनाडु के करूर जिले के वैली इलाके में टीवीके की जनसभा के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें 41 लोगों की मौत हो गई और 1000 से अधिक लोग घायल हुए. 


विजय ने हाल ही में राजनीति में कदम रखा है और फरवरी 2024 में अपनी पार्टी टीवीके की स्थापना की थी. 


वे आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार कर रहे थे. घटना के बाद विजय ने दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को 20 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की.


अपने एक्स हैंडल पर विजय ने लिखा, "जिन लोगों से मैं मिला हूं, उनके चेहरे मेरी आंखों के सामने चमक रहे हैं. अपने प्रियजनों के बारे में सोचकर मेरा दिल दुखी हो रहा है. मेरा हृदय इन प्रियजनों को खोने के दर्द से शोकाकुल है. मैं उनकी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और सभी का दुख साझा करना चाहता हूं."


घटना के बाद चेन्नई में विजय के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी, जहां स्थानीय पुलिस के अलावा सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए. 


मद्रास हाईकोर्ट ने टीवीके को आगे की सभाओं पर रोक लगाने की याचिका पर सुनवाई की, जबकि राज्य सरकार ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. 


विजय ने भी सीबीआई या एसआईटी से जांच की मांग की है. राजनीतिक हलकों में इस घटना को लेकर विवाद तेज हो गया है, और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP