ईरान को अमेरिका की चेतावनी हत्या जारी रही तो होंगे गंभीर परिणाम
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिका ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि सरकार-विरोधी प्रदर्शनकारियों की हत्याएं जारी रहीं तो उसे “गंभीर परिणाम” भुगतने होंगे. व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया है कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई समेत “सभी विकल्प राष्ट्रपति के सामने खुले हुए हैं”.
गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी टीम ने ईरान को साफ संदेश दे दिया है कि यदि हत्याएं नहीं रुकीं तो अमेरिका सख्त कदम उठाएगा.
लेविट ने दावा किया कि करीब 800 प्रस्तावित फांसी की सजा पर फिलहाल रोक लगी है, हालांकि इसके समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं किए गए.
बीते कई दिनों तक ईरान को लेकर आक्रामक बयान देने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को कुछ नरम रुख अपनाया था. उन्होंने कहा था कि उन्हें आश्वासन मिला है कि प्रदर्शनकारियों की हत्याएं रोक दी गई हैं, लेकिन इसके बावजूद अमेरिका स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है.
ईरान में दिसंबर के अंत से महंगाई और स्थानीय मुद्रा के भारी अवमूल्यन के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन जारी हैं. प्रदर्शन देश के कई शहरों और कस्बों तक फैल चुके हैं.
मानवाधिकार और एक्टिविस्ट समूहों का दावा है कि अब तक 1,000 से अधिक प्रदर्शनकारी मारे जा चुके हैं. वहीं ईरानी सरकार का कहना है कि हिंसा के दौरान 100 से अधिक सुरक्षाकर्मी भी मारे गए हैं.
ईरान सरकार प्रदर्शनकारियों को “सशस्त्र दंगाई” बताते हुए आरोप लगा रही है कि इन आंदोलनों के पीछे अमेरिका और इज़राइल का हाथ है. इसी बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराक़ची ने किसी भी प्रदर्शनकारी को फांसी देने की योजना से इनकार किया है.
उन्होंने कहा कि “फांसी का सवाल ही नहीं उठता.” हालांकि इससे पहले उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि अमेरिका सैन्य विकल्प आजमाना चाहता है तो ईरान युद्ध के लिए तैयार है.
देशभर में इंटरनेट बंद होने के कारण जमीनी हालात की स्वतंत्र पुष्टि मुश्किल बनी हुई है. तेहरान के एक निवासी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि राजधानी समेत कई इलाकों में भारी सैन्य तैनाती है और लोगों में डर व अनिश्चितता का माहौल है.
इस बीच ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा है कि उसकी सेनाएं हाई अलर्ट पर हैं. रक्षा मंत्री अज़ीज़ नसीरज़ादेह ने चेतावनी दी कि सरकार अशांति फैलाने वालों को दबाने के लिए सभी क्षमताओं का इस्तेमाल करेगी.
तनाव के बीच अमेरिका ने गुरुवार को ईरान पर नए प्रतिबंध भी लगाए. ये प्रतिबंध ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारीजानी समेत कई अधिकारियों पर लगाए गए हैं, जिन्हें वॉशिंगटन ने प्रदर्शनकारियों पर “क्रूर कार्रवाई का वास्तुकार” बताया है.