PM मोदी 1 अक्टूबर को RSS शताब्दी समारोह में करेंगे डाक टिकट और सिक्का जारी
नई दिल्ली । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 1 अक्टूबर 2025 को सुबह 10:30 बजे नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इस विशेष अवसर पर, प्रधानमंत्री राष्ट्र के प्रति आरएसएस के योगदान को रेखांकित करने वाले एक विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए स्मारक डाक टिकट और सिक्के को जारी करेंगे.
साथ ही, वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे.
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा नागपुर, महाराष्ट्र में की गई थी. यह एक स्वयंसेवक-आधारित संगठन है, जिसका उद्देश्य नागरिकों में सांस्कृतिक जागरूकता, अनुशासन, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है. आरएसएस का लक्ष्य देशभक्ति और राष्ट्रीय चरित्र निर्माण के माध्यम से भारत की सर्वांगीण उन्नति करना है.
यह संगठन विदेशी शासन के प्रति प्रतिक्रिया के रूप में उभरा और इसके दृष्टिकोण में धर्म और राष्ट्रीय गौरव की भावनात्मक प्रतिध्वनि ने इसके विकास को बल दिया.
पिछले सौ वर्षों में, आरएसएस ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
इसके स्वयंसेवकों ने बाढ़, भूकंप और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं में राहत और पुनर्वास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है.
इसके सहयोगी संगठनों ने युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने, जनभागीदारी को बढ़ावा देने और स्थानीय समुदायों को मजबूत करने में भी योगदान दिया है.
यह शताब्दी समारोह न केवल आरएसएस की ऐतिहासिक उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक यात्रा में इसके स्थायी योगदान और राष्ट्रीय एकता के संदेश को भी उजागर करता है.