सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

शनिवार को ओला-उबर ड्राइवरों का देशव्यापी 6 घंटे का हड़ताल

C

CG Khabar

07 फ़र. 2026, 02:39 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

ओला-उबर हड़ताल
ओला-उबर हड़ताल

नई दिल्ली । डेस्क: गिग वर्कर्स के बाद अब ओला और उबर से जुड़े ड्राइवर भी आंदोलन के रास्ते पर हैं. तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन ने शनिवार को देशभर में 6 घंटे के हड़ताल का आह्वान किया है. संगठन के अनुसार, इस दौरान पूरे देश में ओला-उबर की सेवाएं ठप रहेंगी. इसे "ऑल इंडिया ब्रेकडाउन" नाम दिया गया है.


हड़ताल के लिए कोई एक तय समय (जैसे 10 से 4) पूरे देश में लागू नहीं है. यूनियन के अनुसार, ड्राइवर उन 6 घंटों के दौरान ऐप बंद (Log out) रखेंगे जब डिमांड सबसे ज्यादा होती है. सुबह और शाम के पीक ऑवर्स (Peak Hours) में कैब और ऑटो मिलने में ज्यादा परेशानी हो सकती है. अलग-अलग शहरों (जैसे दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, पुणे) में ड्राइवर स्थानीय मांग के अनुसार अलग-अलग समय पर लॉग-आउट कर सकते हैं.

विज्ञापन


ड्राइवरों का कहना है कि व्यावसायिक प्लेटफॉर्म कंपनियों और सरकार द्वारा लागू मौजूदा नीतियां उनके हितों के खिलाफ हैं. उनका आरोप है कि मौजूदा किराया बेहद कम है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है. इसलिए वे तत्काल किराया बढ़ाने और कुछ नियमों में राहत देने की मांग कर रहे हैं.


यूनियन ने सोशल मीडिया के माध्यम से सभी ड्राइवरों से हड़ताल में शामिल होने की अपील की है. संगठन का कहना है कि वे पहले से ही मोटर व्हीकल गाइडलाइंस का पालन कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.


यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने किराया और नीतिगत मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा. ऐसे में सबसे ज्यादा परेशानी आम लोगों को झेलनी पड़ सकती है, जो रोजमर्रा के सफर के लिए ओला-उबर पर निर्भर हैं.


हड़ताल की घोषणा के बाद से ही यात्रियों में चिंता बढ़ गई है. संगठन ने स्पष्ट किया है कि यह हड़ताल तय समय यानी 6 घंटे के लिए ही होगी, जिसके बाद सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी. हालांकि, इन 6 घंटों के दौरान यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP