शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

नालंदा के शीतला माता मंदिर में भगदड़, 8 महिलाओं की मौत

C

CG Khabar

31 मार्च 2026, 07:26 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

नालंदा भगदड़
नालंदा भगदड़

नालंदा । डेस्क: बिहार के नालंदा जिले में बिहार शरीफ के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित मगरा के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में मंगलवार सुबह भगदड़ मचने से कम से कम आठ महिलाओं की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. चैत्र मास के आखिरी मंगलवार और महावीर जयंती का संयोग होने के कारण मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी. 


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर परिसर में अचानक किसी अफवाह के कारण अफरा-तफरी मच गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. 


भीड़ का दबाव इतना अधिक था कि बैरिकेड्स टूट गए और कई लोग नीचे गिरकर कुचले गए. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मौके पर पुलिस बल की कमी थी, जिसके कारण स्थिति अनियंत्रित हो गई.


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए बिहार शरीफ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. 


मुख्यमंत्री ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये (4 लाख आपदा प्रबंधन विभाग और 2 लाख मुख्यमंत्री राहत कोष से) मुआवजा देने की घोषणा की है. 


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस घटना को हृदयविदारक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है. 


गौरतलब है कि यह हादसा उस दिन हुआ है जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए राजगीर पहुंच रही हैं. फिलहाल मौके पर वरिष्ठ अधिकारी राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP