मेघालय के मंत्री ने सीएम साय से ननों की रिहाई मांगी
नई दिल्ली । डेस्क: मेघालय के कैबिनेट मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एएल हेक ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर पिछले सप्ताह दुर्ग में गिरफ्तार दो कैथोलिक ननों की तत्काल रिहाई की मांग की.
नन प्रीति मेरी और वंदना फ्रांसिस को 25 जुलाई को दुर्ग रेलवे स्टेशन पर बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की शिकायत के आधार पर हिरासत में लिया गया था.
हेक ने अपने पत्र में गिरफ्तारी पर गहरी चिंता व्यक्त की और छत्तीसगढ़ सरकार से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया.
इन ननों और सुकमन मंडावी पर नारायणपुर जिले की तीन लड़कियों के साथ कथित जबरन धर्मांतरण और मानव तस्करी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है.
हेक ने साय के साथ पहले हुई टेलीफोनिक बातचीत का जिक्र करते हुये चर्च के कार्यों पर भरोसा जताया और कहा, “चर्च ने हमेशा मानवता की सेवा पूरी निष्ठा के साथ की है. मेरी जानकारी के अनुसार, जबरन धर्मांतरण का कोई मामला सामने नहीं आया है.”
उन्होंने मुख्यमंत्री से गिरफ्तारी के वास्तविक कारण और परिस्थितियों का पता लगाने के लिये उचित कदम उठाने की अपील की और साय द्वारा मामले की समीक्षा के लिये दी गई आश्वासन के लिये आभार व्यक्त किया.