'झालमुड़ी का असली झाल 4 मई को दिखेगा'- ममता बनर्जी
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "झालमुड़ी" वाले तंज पर पलटवार करते हुए कहा है कि राज्य की जनता 4 मई को चुनाव नतीजों के दिन भाजपा को झालमुड़ी का असली "झाल" (तीखा स्वाद) दिखाएगी. दरअसल, कुछ दिन पहले पीएम मोदी ने झारग्राम की एक रैली में कहा था कि उन्होंने झालमुड़ी का आनंद लिया, लेकिन उसके तीखेपन से तृणमूल कांग्रेस को "झटका" लगा है.
मुख्यमंत्री ने भवानीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की जनता भाजपा के इन दावों का करारा जवाब दिया.
इसी रैली के दौरान ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के "उल्टा लटका कर सीधा कर देंगे" वाले बयान की भी कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि एक गृह मंत्री के मुंह से इस तरह की भाषा शोभा नहीं देती.
ममता बनर्जी ने अमित शाह द्वारा गुंडों को सजा देने की चेतावनी पर आपत्ति जताते हुए इसे राज्य की जनता का अपमान बताया और लोगों से एकजुट होकर अपनी पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की. बंगाल की राजनीति में 4 मई को आने वाले नतीजों से पहले "झालमुड़ी" और "झटके" पर शुरू हुआ यह वाकयुद्ध अब सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा बटोर रहा है.