दुर्ग में पति ने की शराबी पत्नी की हत्या
दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंदर गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की शराब की लत से तंग आकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने लोगों को गुमराह करने के लिए पत्नी की तबीयत बिगड़ने का बहाना बनाकर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया.
जानकारी के अनुसार, मृतका प्रीति वर्मा को शराब की लत थी, जिसके कारण उसके पति होरी लाल वर्मा के साथ अक्सर झगड़े होते थे. घटना वाले दिन भी प्रीति ने नशे की हालत में पति के साथ मारपीट की. गुस्से में आकर होरी लाल ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
इसके बाद उसने गांव वालों को यह कहकर भटकाने की कोशिश की कि पत्नी को चक्कर आने के कारण बेहोशी हुई है. वह उसे तुरंत अस्पताल ले गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पोस्टमार्टम में हत्या का खुलासा हुआ.
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रीति और होरी लाल की मुलाकात औंधी गांव में एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी. दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई और फिर परिवार की सहमति से उनकी शादी हुई.
शादी के कुछ महीनों बाद ही प्रीति ने अलग रहने की जिद शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों अलग रहने लगे. हालांकि, प्रीति की शराब की लत के कारण उनके बीच झगड़े कम नहीं हुए. बताया गया कि प्रीति की यह दूसरी शादी थी.
उसका पहला पति भी उसके नशे की आदत और लगातार विवादों के कारण पांच साल पहले उसे छोड़कर चला गया था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने होरी लाल वर्मा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया. उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया.
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि सभी तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके.