बजाज चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर की आपूर्ति फिर शुरू
नई दिल्ली । डेस्क: बजाज ऑटो ने कहा है कि उसने वैश्विक स्तर पर रेयर अर्थ मैगनेट की उपलब्धता से संबंधित बाधाओं को दूर कर लिया है और अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर चेतक की सभी डीलरशिप्स पर आपूर्ति फिर से शुरू कर दी है. हाल के हफ्तों में, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर घटकों की उपलब्धता में अस्थायी कमी के कारण डिलीवरी पर असर पड़ा था.
इसके अलावा चेतक की लगातार बढ़ती मांग ने आपूर्ति पर और दबाव डाला था.
कंपनी ने बताया कि 20 अगस्त से उत्पादन और शिपमेंट फिर से शुरू हो चुके हैं, जो कि उम्मीद से पहले पूर्ण क्षमता पर पहुंच गया है.
बजाज ऑटो ने यह भी कहा कि उसने आगामी त्योहारी सीजन के दौरान उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए रेयर अर्थ मैगनेट और अन्य महत्वपूर्ण सामग्रियों की पर्याप्त आपूर्ति सुरक्षित कर ली है.
बजाज ऑटो के प्रेसिडेंट, अर्बनाइट बिजनेस यूनिट, एरिक वास ने कहा, "चेतक की मांग मजबूत बनी हुई है, आपूर्ति सामान्य हो चुकी है और बुकिंग के खिलाफ डिलीवरी शुरू हो गई है. हम गुणवत्ता और ग्राहक संतुष्टि के अपने मानकों को बनाए रखते हुए बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए उत्पादन बढ़ा रहे हैं."
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के टैरिफ युद्ध के बाद चीन द्वारा रेयर अर्थ मैगनेट के निर्यात पर प्रतिबंध ने भारत सहित वैश्विक ऑटोमोबाइल निर्माताओं को प्रभावित किया था.