बांग्लादेश के चटगांव में किशोरी के साथ गैंग रेप, फिर अशांति, कर्फ्यू, अर्धसैनिक बल तैनात
ढाका । डेस्क: बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी पहाड़ी जिले खागड़ा छड़ी में एक बार फिर सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने क्षेत्र को अशांत कर दिया है. इस बार आठवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने स्थानीय समुदाय में आक्रोश फैला दिया है.
इस घटना के विरोध में पिछले कुछ दिनों से जिले में प्रदर्शन जारी हैं, जिसके चलते स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कर्फ्यू लागू किया गया है और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है.
पिछले मंगलवार को ट्यूशन से लौटते समय किशोरी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया. उसी रात उसे एक खेत से बेहोशी की हालत में बरामद किया गया. इस घटना के बाद से खागड़ा छड़ी में तनाव का माहौल है.
मुख्य रूप से चकमा समुदाय के बौद्ध धर्मावलंबी इस घटना के खिलाफ न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं. शनिवार सुबह से प्रदर्शनकारियों ने जिले में अवरोध कार्यक्रम शुरू किया, जिसके कारण चटगांव-खागड़ा छड़ी, खागड़ा छड़ी-रंगमाटी और खागड़ा छड़ी-साजेक को जोड़ने वाली सड़कों पर यातायात ठप हो गया.
प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर टायर जलाकर अपना विरोध दर्ज किया.
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शनिवार दोपहर 2 बजे से खागड़ा छड़ी शहर और आसपास के इलाकों में कर्फ्यू लागू किया गया. पांच या इससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
खागड़ा छड़ी के डिप्टी कमिश्नर इस्लाम खोंदाकर ने बताया कि अगले आदेश तक कर्फ्यू जारी रहेगा. अशांति को रोकने के लिए क्षेत्र में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के सात प्लाटून (लगभग 250 जवान) तैनात किए गए हैं. बीजीबी के लेफ्टिनेंट कर्नल कमरान कबीर उद्दीन ने इसकी पुष्टि की.
इससे पहले जुलाई में भी खागड़ा छड़ी में त्रिपुरा जनजाति की 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा था.
उस घटना के बाद भी गैर-मुस्लिम संगठनों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया था, जिसमें बीएनपी के चार स्थानीय नेताओं को गिरफ्तार किया गया था. उस घटना के दो महीने बीतने के बाद एक बार फिर ऐसी ही घटना ने क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है.
पुलिस ने मंगलवार की घटना में शामिल होने के संदेह में एक युवक को गिरफ्तार किया है. बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है. गिरफ्तार संदिग्ध को खागड़ा छड़ी की स्थानीय अदालत ने पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है.