शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

विमान में Wi-Fi कैसे काम करता है? एयर इंडिया में फ्री Wi-Fi

C

CG Khabar

18 सित. 2025, 12:51 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

फ्लाइट में मोबाईल फोन
फ्लाइट में मोबाईल फोन

नई दिल्ली । डेस्क: हवाई यात्रा के दौरान इंटरनेट कनेक्टिविटी अब कोई जादू नहीं, बल्कि उन्नत तकनीक का कमाल है. 35,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ते विमानों में वाई-फाई कैसे काम करता है, यह जानकर यात्री हैरान रह जाएंगे. सामान्यतः मोबाइल फोन सड़क पर टावर से टावर स्विच करते हैं, ठीक वैसे ही विमान का नेट कनेक्शन ग्राउंड स्टेशनों के बीच हस्तांतरित होता रहता है, जिससे कनेक्शन में कोई रुकावट नहीं आती. 


इसके अलावा, हर विमान में एक छोटा सैटेलाइट एंटीना लगा होता है, जो वैश्विक सैटेलाइट नेटवर्क से जुड़कर कनेक्टिविटी बनाए रखता है. एक हाइब्रिड सिस्टम आकाश और जमीन के बीच संचार को सुनिश्चित करता है, जिससे यात्री आसानी से ईमेल चेक कर सकते हैं या रील्स देख सकते हैं.


विमान में चढ़ते ही एयरप्लेन मोड ऑन करने की सलाह इसलिए दी जाती है ताकि सेलुलर सिग्नल विमान के संचार में बाधा न डाले. 


अब अच्छी खबर यह है कि भारत में पहली बार घरेलू उड़ानों पर वाई-फाई सेवा शुरू हो गई है. एयर इंडिया ने 1 जनवरी 2025 से एयरबस A350, बोइंग 787-9 और चुनिंदा A321neo विमानों पर मुफ्त इंटरनेट उपलब्ध कराया है. इससे 10,000 फीट ऊपर उड़ान भरते समय यात्री ब्राउजिंग, सोशल मीडिया या टेक्स्टिंग कर सकेंगे. यह सेवा पहले से अंतरराष्ट्रीय रूट्स जैसे न्यूयॉर्क, लंदन, पेरिस और सिंगापुर पर उपलब्ध है, और अब पायलट प्रोजेक्ट के तहत घरेलू रूट्स पर विस्तार हो रहा है.


एयर इंडिया के चीफ कस्टमर एक्सपीरियंस ऑफिसर राजेश डोगरा ने कहा, "कनेक्टिविटी आधुनिक यात्रा का अभिन्न अंग बन चुकी है. हमारे यात्री इस सुविधा की सराहना करेंगे और नई उड़ान अनुभव प्राप्त करेंगे." वाई-फाई एक्सेस करने के लिए डिवाइस पर वाई-फाई चालू करें, 'एयर इंडिया वाई-फाई' नेटवर्क सेलेक्ट करें, ब्राउजर में पोर्टल पर PNR और उपनाम डालें, बस हो गया! यह सेवा iOS, एंड्रॉयड, लैपटॉप और टैबलेट पर मुफ्त उपलब्ध है.


इसके साथ ही, टाटा ग्रुप की एयर इंडिया ने छात्रों के लिए शानदार ऑफर लॉन्च किया है. 12 वर्ष से अधिक उम्र के छात्रों को सभी उड़ानों पर बेस फेयर पर 10% छूट, 10 किलो अतिरिक्त बैगेज और एक बार फ्री डेट चेंज की सुविधा मिलेगी. UPI या पार्टनर बैंक कार्ड से भुगतान पर अतिरिक्त छूट के साथ कुल बचत 25% तक हो सकती है. यह ऑफर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों पर लागू है. छात्रों को बुकिंग के समय 'स्टूडेंट' विकल्प चुनना होगा और यात्रा पर वैलिड आईडी दिखानी होगी.


एयर इंडिया का यह कदम यात्रियों को डिजिटल दुनिया से जोड़े रखने के साथ-साथ युवा छात्रों को सस्ती यात्रा का अवसर देगा. जल्द ही अन्य एयरलाइंस भी इस सुविधा को अपनाने की योजना बना रही हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP