कानन पेंडारी के बीमार सिंह भीम की मौत
छत्तीसगढ़ कानन पेंडारी के बीमार सिंह भीम की मौत
बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कानन पेंडारी जू के सिंह भीम की मंगलवार को मौत हो गई. भीम नामक यह सिंह 17 फरवरी से बीमार था. वह किडनी की समस्या से जूझ रहा था.
पिछले काफी दिनों से वह खाना छोड़ दिया था, सिर्फ पानी पीकर जिंदा था. विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा था, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार किया गया.
इस सिंह को साल 2022 में हरियाणा जू से कानन पेंडारी लाया गया था. तब से वह कानन पेंडारी जू में आकर्षण का केंद्र था. उसकी दहाड़ इतनी तेज थी कि पूरा जू गूंज उठता था.
जानकारी के मुताबिक यह सिंह किडनी की बीमारी से ग्रसित था. 17 फरवरी से स्वास्थ्य समस्या के चलते उसका उपचार किया जा रहा था.
गुजरात के प्रभा गिर नेशनल पार्क के विशेषज्ञ डॉ. आर.एफ. काडीवार के निर्देशानुसार उपचार किया जा रहा था. भीम की गंभीर हालात को देखते हुए कानन पेंडारी के पशु चिकित्सकों द्वारा भी लगातार निगरानी की जा रही थी. लेकिन मंगलवार को सुबह बीमार सिंह ने दम तोड़ दिया.
केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के अनुसार पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति में शव का अंतिम संस्कार किया गया.