तुर्किये में टूर बस और टो ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत, 27 घायल
नई दिल्ली । डेस्क: तुर्किये के पश्चिमी हिस्से में रविवार सुबह एक टूर बस और लकड़ी के तख्तों से लदे टो ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. इस दर्दनाक दुर्घटना में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा मनीसा प्रांत में गेब्जे-ओरहांगजी-इज़मिर राजमार्ग पर अखिसार टोल बूथ के पास सुबह करीब 11 बजे हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों वाहन सड़क पर ही पलट गए.
घटना की सूचना मिलते ही राहत व बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को तुरंत पास के स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस के चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
मनीसा के राज्यपाल वहदेत्तिन ओज़कान ने दुर्घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की. फिलहाल लोक अभियोजक कार्यालय की देखरेख में मामले की कानूनी जांच और मलबे को हटाने का काम जारी है.