दिल्ली प्रदर्शन में जा रहे छत्तीसगढ़ के युवा की सड़क हादसे में मौत
अंबिकापुर । संवाददाता: नीट पेपर लीक के विरोध में और प्रख्यात लद्दाखीय एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन करने दिल्ली जा रहे छत्तीसगढ़ के एक युवा की उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. इस दुर्घटना में उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मृतक की पहचान सरगुजा जिले के सीतापुर ब्लॉक निवासी 18 वर्षीय दीपक सिंह के रूप में हुई है, जबकि उनके साथी सुरेश सिंह गंभीर रूप से घायल हैं.
जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्त 18 जुलाई को जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए बाइक से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे. अलीगढ़ के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
हादसे के बाद अलीगढ़ पुलिस ने पीड़ितों के पास मौजूद पहचान दस्तावेजों के आधार पर सीतापुर पुलिस को सूचित किया.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं.
अपनी यात्रा शुरू करने से पहले दोनों युवाओं ने सोशल मीडिया पर 'हमारे सपने बिकाऊ नहीं हैं, हम न्याय की लड़ाई लड़ेंगे' का संदेश लिखकर दिल्ली कूच करने का ऐलान किया था. इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है.