अश्लील मैसेज भेजने वाले प्रोफेसर की युवती ने की धुनाई
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में एक युवती ने शासकीय संत गहिरा गुरूरामेश्वर महाविद्यालय (कुंजारा) के प्रोफेसर की जमकर क्लास लगा दी. बताया जा रहा है कि प्रोफेसर पिछले डेढ़ साल से युवती को व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर अश्लील मैसेज भेजकर परेशान कर रहा था और उस पर अवैध संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था.
प्रोफेसर की इन हरकतों से तंग आकर पीड़िता बीते दिन अपने मंगेतर के साथ कॉलेज पहुंची थी, जहां दोनों के बीच तीखी बहस हो गई और गुस्से में आकर युवती ने प्रोफेसर रेमन भार्गव को सरेराह थप्पड़ जड़ दिया. इस पूरी घटना का वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है.
हालांकि, जब युवती ने प्रोफेसर की इस करतूत का विरोध करने के लिए उसके घर का रुख किया था, तब वहां उपस्थित अन्य महिलाओं ने उसे समझाने और शांत कराने का प्रयास भी किया था.
इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बाद पीड़िता ने सीधे लैलूंगा थाने पहुंचकर आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
लैलूंगा थाना प्रभारी से मिली जानकारी के मुताबिक, युवती की शिकायत दर्ज होने के बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था, जहां उनके बीच इस विषय को लेकर आपसी चर्चा और समझौता होने की बात भी सामने आई है.
बहरहाल, कॉलेज के प्रोफेसर पर लगे इन गंभीर आरोपों और सरेआम हुई इस पिटाई के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.